समाचार · मध्य प्रदेश
भाजपा नेता के घर से साल के पांच लट्ठे जब्त:वन विभाग की टीम ने मामले में भाई को भी आरोपी बनाया
सिंगरौली जिले के सरई में वन विभाग की टीम ने भाजपा नेता जगावली जायसवाल और उनके भाई रामपति जायसवाल के घर से साल के पांच लट्ठे जब्त किए। विभाग ने वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर सोमवार को वन अपराध का केस दर्ज किया। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 2.671 घन मीटर यानी करीब 94.34 घन फीट है। इसकी लंबाई 2.10 से 2.60 मीटर और गोलाई 1.70 से 2.20 मीटर दर्ज की गई। बाजार की अनुमानित दर के हिसाब से लकड़ी की कीमत करीब 1.89 लाख रुपए है। विभागीय मूल्यांकन के बाद असली कीमत साफ होगी। विभागीय दस्तावेज के मुताबिक, मुखबिर ने सूचना दी थी कि दोनों भाइयों ने जंगल से साल के पेड़ कटवाकर लकड़ी घर में छिपाई है। सूचना की पुष्टि के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा और लकड़ी की खरीद व कटाई के दस्तावेज मांगे। दस्तावेज नहीं मिलने पर पांचों लट्ठे जब्त कर लिए गए। सूचना पर लिया एक्शन
उप वन मंडल अधिकारी एनके त्रिपाठी ने बताया कि विभाग जंगलों की निगरानी करता है। उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपियों ने जंगल से लकड़ी कटवाकर घर में छिपाई है और जल्द तस्करी करने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद छापा मारकर लकड़ी जब्त की गई। वन विभाग ने मध्यप्रदेश वन उपज (व्यापार विनियमन) अधिनियम 1969 के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 278/05 दर्ज किया है। मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।