समाचार · मध्य प्रदेश
श्रीकृष्ण पर टिप्पणी का विरोध, यादव महासभा ने दिया सौंपा:धीरेंद्र शास्त्री के बहिष्कार का ऐलान, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
शिवपुरी में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण पर कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में यादव महासभा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष श्याम सिंह यादव के नेतृत्व में समाज के लोगों ने जिलाधीश के नाम एडीएम को ज्ञापन दिया। इसमें टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही महासभा ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सामाजिक बहिष्कार का ऐलान किया। भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कही गई बात पर जताई नाराजगी ज्ञापन में भगवान श्रीकृष्ण को ‘आड़ा-टेड़ा’ बताए जाने पर आपत्ति जताई गई। जिला अध्यक्ष श्याम सिंह यादव ने मीडिया से कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल यादव समाज ही नहीं, बल्कि पूरे सनातन समाज और दुनिया के आराध्य हैं। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से मानवता को कर्म, धर्म, सत्य और न्याय का मार्ग दिखाया। श्याम सिंह यादव ने कहा कि धार्मिक मंच से आराध्य के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करना गलत है। ऐसी बात कहने वाले को माफी मांगनी चाहिए। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण में अंतर बताने का सवाल ही नहीं उठता। कथा में शामिल नहीं होंगे समाज के लोग श्याम सिंह यादव ने दावा किया कि मध्यप्रदेश सहित देशभर में यादव महासभा इस मामले में विरोध दर्ज करा रही है। उन्होंने कथावाचकों से अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने की अपील की। महिलाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यादव समाज के लोग धीरेंद्र शास्त्री की कथा में शामिल नहीं होंगे और न ही उनसे कथा करवाएंगे। श्याम यादव के मुताबिक, इस संबंध में एडीएम से मुलाकात हुई है। प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो जारी कर दी थी सफाई विवाद के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने प्रचलित उलाहना पद बोला था, लेकिन उनकी बात को पूरा सुने बिना आधे संदर्भ में लिया गया। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि उनकी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे माफी मांगते हैं।