समाचार · मध्य प्रदेश
निर्दलीय उम्मीदवार को राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन:हरदीप पुरी को चुनौती देंगे भोपाल के राजकुमार लोहानी, कांग्रेस विधायकों के साथ नामांकन फॉर्म जमा किया
मध्यप्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव में राजकुमार लोहानी ने बतौर निर्दलीय उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल किया है। कांग्रेस ने उन्हें समर्थन दिया है। भोपाल के पुराने शहर इलाके में घोड़ा नक्कास के रहने वाले राजकुमार लोहानी हायर सेकेण्डरी पास हैं। उनकी मोबाइल एसेसरीज की शॉप है। राजकुमार लोहानी ने विधानसभा में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अपना नामांकन जमा किया। कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे उनके प्रस्तावक बने। नामांकन के दौरान विधायक आतिफ अकील, अभिजीत शाह, सुरेंद्र सिंह हनी बघेल और कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी भी मौजूद रहे। लोहानी का मुकाबला केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से होगा। भाजपा ने पुरी को राज्यसभा उपचुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है। विधानसभा में संख्याबल के लिहाज से भाजपा की स्थिति मजबूत है। कांग्रेस के पास जीत के लिए जरूरी संख्या नहीं है। इसी के चलते पार्टी ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देकर चुनावी मुकाबले को राजनीतिक रंग दे दिया है। कांग्रेस हरदीप सिंह पुरी का नाम एपस्टीन फाइल से जुड़े विवाद में सामने आने को लेकर विरोध कर रही है। इसी मुद्दे पर पार्टी भाजपा और केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है।