Monday, 2 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जिसे पोते की तरह रखा, उसी ने चुराए जेवर:इंदौर जेल से पैरोल पर आया आरोपी, 2.50 लाख के जेवर चोरी कर फरार हुआ

INT News2 November 2026 at 03:49 pm

हत्या के मामले में इंदौर जेल में बंद आरोपी पर पैरोल के दौरान अपनी बुजुर्ग रिश्तेदार के घर से करीब ढाई लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेमनगर, घासपुरा का है। आरोपी किशोर गायकवाड़ ने घर की चाबी का फायदा उठाकर लोहे की पेटी का कुंदा तोड़ा और जेवर निकाल लिए। महिला ने करीब तीन महीने तक परिवार में मामला सुलझाने की कोशिश की। जेवर वापस नहीं मिले तो 1 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। दादी की बहन को बेटे जैसा मानती थीं महिला फरियादी उषाबाई ने बताया कि 20 अगस्त से 4 सितंबर 2026 के बीच उनके घर से जेवर चोरी हुए। उन्होंने किशोर पिता विलासराव गायकवाड़ निवासी गणगौर पर चोरी का आरोप लगाया है। उषाबाई के पति का निधन हो चुका है। उनकी कोई संतान नहीं है। किशोर की दादी और उषाबाई सगी बहनें हैं। इसी रिश्ते से किशोर का उनके घर आना-जाना था। उषाबाई उसे बेटे की तरह मानती थीं। घर की चाबी भी किशोर के घर में रखी रहती थी। पेटी का कुंदा तोड़कर निकाले जेवर पुलिस के अनुसार, चोरी के समय उषाबाई अपनी बहन के घर गई हुई थीं। इसी दौरान आरोपी ने चाबी का फायदा उठाया। लोहे की पेटी का कुंदा तोड़कर जेवर निकाल लिए। चोरी गए जेवरों में 10-10 ग्राम की तीन सोने की मालाएं, करीब 2 ग्राम की सफेद मोती लगी सोने की नथ, 5-5 ग्राम की दो सोने की अंगूठियां, 50 ग्राम की चांदी की पायल और 20 ग्राम का चांदी का चाबी का गुच्छा शामिल है। इनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। तीन महीने बाद दर्ज कराई शिकायत उषाबाई को उम्मीद थी कि पारिवारिक मामला होने के कारण बातचीत से जेवर वापस मिल जाएंगे। इसी वजह से वह करीब तीन महीने तक परिवार के स्तर पर मामला सुलझाने की कोशिश करती रहीं। जब जेवर नहीं मिले तो 1 नवंबर को कोतवाली थाने पहुंचीं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पैरोल के दौरान फरार हुआ आरोपी एसआई भागवत लोखंडे के मुताबिक, किशोर हत्या के एक मामले में इंदौर जेल में बंद था। उसे गुडविल के आधार पर पैरोल मिली थी। इसी अवधि में चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप है। आरोपी पैरोल के दौरान ही फरार हो गया। पुलिस को उसकी महाराष्ट्र में मौजूदगी की सूचना मिली है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम महाराष्ट्र भेजने की तैयारी कर रही है।