समाचार · हरियाणा
रोहतक में 5-6 नवंबर को रोडवेज का चक्का जाम:कर्मचारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर दी चेतावनी, अनिश्चितकालीन हो सकती हड़ताल
रोहतक के रोडवेज डिपो पर हिसार, सिरसा व हांसी में धरने पर बैठे कर्मचारियों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया और समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। साथ ही 5-6 नवंबर को पूरे प्रदेश में रोडवेज का चक्का जाम करने की चेतावनी दी। रोडवेज कर्मचारी साझा मोर्चा के सदस्य सुरेश नेहरा ने कहा कि हिसार डिपो के साथी कर्मचारी काफी लंबे समय से धरने पर हैं और 31 तारीख से हड़ताल पर हैं। महाप्रबंधक की हठधर्मिता से उनकी कोई भी मांग पूरी नहीं की जा रही। LTC, रात्रि भत्, काउंटर का मुद्दा, मेडिकल बिलों का मुद्दा, इन मांगों को सरकार जल्द पूरा करे, वरना किसी भी समय हड़ताल हो सकती है। 5-6 नवंबर को रोडवेज डिपो का होगा गेट बंद
सुरेश नेहरा ने कहा कि अगर हिसार-सिरसा में प्रशासन ने कर्मचारियों के साथ कोई भी ज्यादती करने की कोशिश की तो उसी टाइम रोहतक डिपो का गेट बंद करते हुए हड़ताल पर चले जाएंगे। साथ ही 5-6 तारीख से पहले सरकार साझा मोर्चा को बुलाकर बातचीत करे और मांगों का समाधान करे। अन्यथा 5 और 6 नवंबर को पूर्ण रूप से चक्का जाम किया जाएगा। एक घंटे के प्रदर्शन से सरकार को किया आगाह
साझा मोर्चा के सदस्य जोगेंद्र ढुल ने बताया कि एक घंटे का प्रदर्शन करके सरकार को आगाह किया है कि समय रहते कर्मचारियों की मांग को पूरा किया जाए। आज हिसार और सिरसा के अंदर जो साथी हड़ताल पर बैठे हैं, उनके समर्थन में प्रदर्शन किया है। हिसार और सिरसा के जीएम की हठधर्मिता के कारण वहां के कर्मचारियों की कई महीने से मांगे लंबित हैं। 2 दिन की हड़ताल हो सकती है अनिश्चितकालीन
जोगेंद्र ढुल ने बताया कि 5-6 नवंबर को दो दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल को अनिश्चितकालीन भी किया जा सकता है। सरकार को समय रहते बातचीत करनी चाहिए। 8 सितंबर को परिवहन मंत्री के साथ बातचीत हुई थी और मंत्री ने मांगे पूरी करने के लिए एक महीने का समय मांगा था। अब डेढ़ महीना हो चुका है, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई। डिपो में 5-6 नवंबर को पूर्ण रूप से चक्का जाम किया जाएगा।