समाचार · उत्तर प्रदेश
RRB NTPC: CBT-2 का स्कोर कार्ड जारी, प्रयागराज के 244 अभ्यर्थी टाइपिंग टेस्ट के लिए सफल, देखें कैटेगरी वाइज कट-ऑफ

RRB NTPC CBT 2 Score Card 2026: रेलवे में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), प्रयागराज ने NTPC अंडर ग्रेजुएट भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण यानी CBT-2 का स्कोर कार्ड और श्रेणीवार कट-ऑफ जारी कर दिया है. इसके साथ ही चयन प्रक्रिया के अगले चरण टाइपिंग स्किल टेस्ट (CBTST) की तारीख भी घोषित कर दी गई है. प्रयागराज क्षेत्र से कुल 244 अभ्यर्थियों को इस चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है.
244 अभ्यर्थियों को टाइपिंग टेस्ट का मौका
RRB प्रयागराज की ओर से 17 सितंबर 2026 को CBT-2 परीक्षा आयोजित की गई थी. इसी परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर 244 उम्मीदवारों को टाइपिंग स्किल टेस्ट के लिए चुना गया है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी 31 अक्टूबर से रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना स्कोर कार्ड और प्रश्न पत्र देख सकते हैं. उम्मीदवारों को अपना व्यक्तिगत स्कोर देखने के लिए वेबसाइट पर जाना होगा.
RRB NTPC CBT-2 में श्रेणीवार कट-ऑफ जारी
रेलवे भर्ती बोर्ड ने CBT-2 के लिए 100 अंकों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों की कट-ऑफ निर्धारित की है. श्रेणीवार कट-ऑफ अंक इस प्रकार हैं:
अनारक्षित (General): 87.53623 अंक
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 87.24638 अंक
अनुसूचित जाति (SC): 83.18841 अंक
भूतपूर्व सैनिक वर्ग: 65.50724 अंक
27 नवंबर को आयोजित होगा टाइपिंग स्किल टेस्ट
CBT-2 में सफल अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर आधारित टाइपिंग स्किल टेस्ट 27 नवंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा. परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा से 10 दिन पहले उपलब्ध कराई जाएगी. वहीं, ई-कॉल लेटर यानी एडमिट कार्ड परीक्षा की तारीख से चार दिन पहले रेलवे भर्ती बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकेगा.
देशभर में 3,058 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती प्रक्रिया का संचालन अधिसूचना संख्या CEN 07/2025 के तहत किया जा रहा है. इसके माध्यम से देशभर में कुल 3,058 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. पदों का विवरण इस प्रकार है:
वाणिज्य सह टिकट लिपिक: 2,424 पद
लेखा लिपिक सह टंकक: 394 पद
कनिष्ठ लिपिक सह टंकक: 163 पद
ट्रेन लिपिक: 77 पद
इनमें से 303 पद आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत आते हैं.
CBT-2 के अंकों के आधार पर बनेगी मेरिट लिस्ट
टाइपिंग स्किल टेस्ट क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा. इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए योग्य माना जाएगा. अंतिम मेरिट लिस्ट CBT-2 में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी. इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाएगा. अभ्यर्थी अपना स्कोर कार्ड रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in पर देख सकते हैं.
Must Read- 'ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो' के नारों से गूंजा लखनऊ, छोटे कद के सपा कार्यकर्ता को गोद में उठाकर ले गई पुलिस, Video Viral