समाचार · पंजाब
बरनाला में 20 किलो अफीम समेत तस्कर गिरफ्तार:ट्रक में मध्य प्रदेश से पंजाब ला रहा था, जालंधर का रहने वाला
बरनाला में पुलिस ने 20 किलो अफीम के साथ जालंधर के एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से तस्करी में इस्तेमाल ट्रक भी जब्त किया है। एसपी (डी) बाल कृष्ण सिंगला, एसपी संजीव गोयल और डीएसपी रजिंदर पाल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति दूसरे राज्यों से अफीम लाकर पंजाब के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता है। मध्य प्रदेश से लाकर करता था सप्लाई सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर बलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोगा रोड के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध ट्रक की तलाशी में 20 किलो अफीम मिली। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर मंगल राम, निवासी जालंधर जिला को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह मध्य प्रदेश से अफीम सस्ते दाम पर खरीदकर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में महंगे दाम पर सप्लाई करता था। नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। पुलिस यह पता लगा रही है कि अफीम पंजाब में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और सप्लाई नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।