समाचार · मध्य प्रदेश
छठ पूजा पर बिहार-UP जाने वाली ट्रेनों में बढ़ी भीड़:इंदौर-उज्जैन, रतलाम और नागदा स्टेशन पर रेलवे ने किए विशेष इंतजाम; जनरल कोच में लाइन से मिलेगा प्रवेश
छठ पूजा के चलते बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। इसे देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने इंदौर, उज्जैन, रतलाम और नागदा सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण से लेकर यात्रियों की सुरक्षा तक के लिए रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। खासतौर पर जनरल कोच में चढ़ने वाले यात्रियों को कतार में लगाकर प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी की स्थिति न बने। रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और अन्य कर्मचारी आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं। कोच डिस्प्ले और अनाउंसमेंट से मिल रही जानकारी इंदौर रेलवे स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड के जरिए यात्रियों को ट्रेनों में कोच की स्थिति बताई जा रही है। वहीं, नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, जनरल कोच की स्थिति और अन्य जरूरी जानकारियां दी जा रही हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से कोच में प्रवेश कराया जा रहा है। प्रमुख ट्रेनों पर RPF-GRP की नजर इंदौर-पटना एक्सप्रेस, डॉ. अंबेडकर नगर-पटना स्पेशल, इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस, इंदौर-सूबेदारगंज एक्सप्रेस और इंदौर-वाराणसी महाकाल एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए विशेष निगरानी की जा रही है। टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ RPF और GRP के जवान प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे हैं। उज्जैन और रतलाम स्टेशन पर भी अधिक यात्रियों वाली ट्रेनों के आने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। बिहार-UP के लिए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनें छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पश्चिम रेलवे के बांद्रा टर्मिनस, अहमदाबाद, सूरत, उधना, उतरण और वडोदरा स्टेशनों से गोरखपुर, पटना, दानापुर, राजगीर, झंझारपुर और जयनगर सहित कई शहरों के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों का रतलाम मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर भी ठहराव है। इनमें अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं, जिससे सामान्य श्रेणी के यात्रियों को घर जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल रहे हैं।