Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

IND vs NZ: टीम इंडिया से इस खिलाड़ी की होगी छुट्टी? टेस्ट सीरीज के कारण नहीं खेल पाएंगे आखिरी वनडे

INT News12 November 2026 at 08:43 pm

Gurnoor Brar: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बीच भारतीय टीम में एक और बदलाव देखने को मिल सकता है. तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को चौथे वनडे के बाद टीम से रिलीज किया जा सकता है. उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी में मदद के लिए वेलिंगटन भेजने की योजना है. हालांकि, इस पर अंतिम फैसला शुक्रवार को होने वाले चौथे वनडे के बाद लिया जा सकता है.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला अगले गुरुवार से शुरू होगा. टेस्ट टीम ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है. भारतीय टीम के मैनेजमेंट को लगता है कि न्यूजीलैंड के पास कई लंबे कद के तेज गेंदबाज हैं. ऐसे में गुरनूर बराड़ की मौजूदगी टेस्ट टीम के बल्लेबाजों को तैयारी में मदद कर सकती है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें वनडे टीम से जल्दी रिलीज करने पर विचार किया जा रहा है.

टेस्ट टीम के साथ जुड़ चुके हैं कोचिंग स्टाफ के सदस्य

भारत के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने पुष्टि की है कि हैमिल्टन वनडे के बाद सपोर्ट स्टाफ के सदस्य दोनों टीमों के साथ अलग-अलग काम करेंगे. मुख्य कोच गौतम गंभीर और स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले वनडे टीम के साथ रहेंगे. वहीं, कोटक के अलावा गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल और फील्डिंग कोच सुभदीप घोष टेस्ट टीम की तैयारियों में जुट गए हैं.

कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज हैमिल्टन से वेलिंगटन पहुंच चुके हैं. वहीं, इंडिया ए टीम के बाकी खिलाड़ी क्राइस्टचर्च से टेस्ट टीम के साथ जुड़े हैं. कप्तान गिल की अगुआई में भारतीय खिलाड़ियों ने गुरुवार को बेसिन रिजर्व में पहला अभ्यास सत्र भी किया. टीम सीरीज के पहले मुकाबले से पहले इसी मैदान पर अपनी तैयारियां जारी रखेगी.

ये भी पढ़ें: ऋषभ पंत को BCCI से मिली फिटनेस की मंजूरी, न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया से जुड़ने के लिए हुए रवाना

चौथे वनडे में रुतुराज गायकवाड़ कर सकते हैं ओपनिंग

न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में भारतीय टीम की बल्लेबाजी में भी बदलाव की संभावना है. शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में रुतुराज गायकवाड़ पारी की शुरुआत कर सकते हैं. वहीं, ईशान किशन के मिडिल ऑर्डर में अपनी जगह बनाए रखने की उम्मीद है.

रिपोर्ट के मुताबिक, नेट सेशन और टीम की रणनीति से संकेत मिले हैं कि ईशान आखिरी दो वनडे में भी मध्यक्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं. हालांकि, टीम मैनेजमेंट आखिरी समय पर बदलाव का फैसला ले सकता है. अभ्यास के दौरान तिलक वर्मा समेत सभी बल्लेबाजों ने नेट्स पर काफी समय बिताया. रुतुराज भी अच्छी लय में नजर आए और सीरीज में मिले मौके का फायदा उठाना चाहेंगे.

ये भी पढ़ें: ICC Rankings: टेस्ट रैंकिंग के टॉप-10 में पहुंचने वाले अफगानिस्तान के पहले खिलाड़ी बने रहमत शाह, देखें लिस्ट

रुतुराज के पास खुद को साबित करने का मौका

रुतुराज गायकवाड़ के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी दो वनडे अहम हो सकते हैं. वह पिछले साल के आखिर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में शतक लगा चुके हैं. अब शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उन्हें शीर्ष क्रम में अपनी उपयोगिता साबित करने का मौका मिल सकता है.

भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथा वनडे शुक्रवार को खेला जाएगा. इसके बाद दोनों टीमें टेस्ट सीरीज की तैयारियों पर ध्यान देंगी. ऐसे में गुरनूर बराड़ को लेकर होने वाला फैसला भी इस मुकाबले के बाद साफ हो सकता है.

ये भी पढ़ें: SMAT 2026: 14 नवंबर को इंदौर में गरजेगा बिहार के शेर वैभव का बल्ला, फ्री में मिलेगी स्टेडियम में एंट्री