समाचार · मध्य प्रदेश
मैहर में पहली बार जुटे 150 से अधिक इंफ्लुएंसर:विंध्य के पर्यटन को देश-दुनिया तक पहुंचाने पर चर्चा; पर्यटन सर्किट बनाने का सुझाव दिया
मैहर और विंध्य क्षेत्र के धार्मिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए गुरुवार को पहली बार मैहर इंफ्लुएंसर मीट हुई। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की इस पहल में देश के अलग-अलग हिस्सों से 150 से अधिक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर शामिल हुए। कार्यक्रम सुबह से शाम तक चला। पर्यटन सर्किट बनाने का सुझाव कार्यक्रम में पर्यटन स्थलों के प्रचार, नए पर्यटन सर्किट बनाने और स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर चर्चा हुई। वाराणसी, छिंदवाड़ा, जबलपुर, सतना, सीधी, रीवा, पन्ना, दतिया, ओरछा, छतरपुर और मैहर के इंफ्लुएंसरों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर हुई। पैनल चर्चा में सतना सांसद गणेश सिंह, मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी, आर्ट ईचौल की संस्थापक अंबिका बेरी और मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की सोशल मीडिया विभाग प्रमुख डॉ. नीलम रावत ने पर्यटन विकास पर सुझाव दिए। सांसद गणेश सिंह ने खजुराहो, पन्ना, बांधवगढ़, ओरछा, चित्रकूट, मैहर, मुकुंदपुर, सरसी, मार्कंडेय और अमरकंटक को जोड़कर पर्यटन सर्किट बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटक एक ही यात्रा में विंध्य और आसपास के प्रमुख स्थलों को देख सकेंगे। प्रचार और होम-स्टे से बढ़ेगा रोजगार विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी ने कहा कि विंध्य में पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। प्रचार के जरिए मैहर को देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल किया जा सकता है। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने ग्रामीण पर्यटन और होम-स्टे को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मां शारदा धाम के आसपास पर्यटन से जुड़ी अर्थव्यवस्था विकसित की जा सकती है। होम-स्टे से स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा और पर्यटक क्षेत्र की संस्कृति व परंपराओं को करीब से जान सकेंगे। कार्यक्रम में एडीएम रोशन राय, एसडीएम दिव्या पटेल सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। देखें तस्वीरें…