समाचार · छत्तीसगढ़
सिंहदेव बोले-वोटर-कार्ड को नागरिकता का आधार बनाना चाहती है सरकार:19 मंडलों में कांग्रेस का चौपाल कार्यक्रम, प्रदेश प्रभारी सुखदेव भी होंगे शामिल
चुनाव आयोग की कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस के वोट बचाओ देश बचाओ कार्यक्रम के तहत सरगुजा जिले के 19 मंडलों में चौपाल का आयोजन किया गया। चौपालों में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव, कांग्रेस के सरगुजा प्रभारी देवाशीष पटनायक, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत सहित वरिष्ठ नेता शामिल हुए। चौपालों को संबोधित करते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि भाजपा सरकार वोटर कार्ड को नागरिकता का आधार बनाने का प्रयास कर रही है। सरकार राशन, आयुष्मान और जमीन के पट्टे जैसे लाभकारी योजनाओं को इससे जोड़ने की योजना बना रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक की जवाबदेही है कि मतदाता सूची में अपना और अपने पड़ोसी का नाम है या नहीं, इसकी तस्दीक करें। बाहरी लोगों का नाम न जुड़े, जांचना जरूरी पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह भी ध्यान देना है कि मतदाता सूची में किसी ऐसे व्यक्ति का नाम तो दर्ज नहीं करा दिया गया है जो कि सरगुजा का निवासी ही नहीं है और एक दल विशेष के चुनावी उद्देश्य के लिए गैर निवासी व्यक्ति का नाम सरगुजा के मतदाता सूची में दर्ज करा दिया गया हो। कांग्रेस के कार्यकर्ता और नागरिक प्रत्येक बूथ में स्पच्छ मतदाता सूची निर्माण में सहयोग करें।
मतदाता घुसपैठिये न घोषित हों। एआईसीसी से नियुक्त प्रभारी देवाशीष पटनायक ने कहा कि सरगुजा जिले में कांग्रेस का मजबूत संगठन प्रत्येक वैध मतदाता, चाहे वह किसी भी दल को मतदान करता हो, के मताधिकार की अच्छे तरीके से रक्षा कर रहा है। प्रत्येक नागरिक को सतर्कता बरतनी चाहिए कि कहीं गृहमंत्री अमित शाह के षडयंत्र में फंसकर वे वैध मतदाता के अधिकार से वंचित होकर घुसपैठिये न घोषित हो जाएं।
अपने वोटर पहचान को कायम रखने की जवाबदेही प्रत्येक नागरिक की है। कांग्रेस के जनचौपालों में पूर्व विधायक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। 16 को सरगुजा आएंगे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी छत्तीसगढ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रभारी एवं लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत 15 नवंबर से छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रहे हैं। 16 नवंबर को वे सरगुजा जिले में आ रहे हैं। 17 नवंबर को वे उदयपुर में बूथ स्तरीय चौपाल को संबोधित करेंगे। इसी दिन वे ग्राम साल्ही में परसा कोलब्लॉक के प्रभावितों से मुलाकात करेंगे। प्रदेश प्रभारी 18 नवंबर को जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की विस्तारित बैठक में शामिल होंगे और बलरामपुर जिले के राजपुर में बूथ स्तरीय जनचौपाल में शामिल होकर वापस लोहरदगा लौटेंगे।