समाचार · छत्तीसगढ़
मनेन्द्रगढ़ में हड़ताल पर गए 8 पटवारी निलंबित:15 के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस का आदेश, कलेक्टर ने लागू किया काम नहीं तो वेतन नहीं नियम
मनेन्द्रगढ़ में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे पटवारियों के खिलाफ एमसीबी जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। प्रशासन ने जिले के 8 पटवारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि 15 अन्य पटवारियों के विरुद्ध ब्रेक इन सर्विस का आदेश जारी किया गया है। इस संबंध में कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने आदेश जारी किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से पटवारियों और शासन के बीच जारी गतिरोध और बढ़ने के आसार हैं। अनुपस्थित अवधि का नहीं मिलेगा वेतन जारी आदेश में काम नहीं तो वेतन नहीं के सिद्धांत को लागू किया गया है। इसके तहत हड़ताल के दौरान अनुपस्थित रहने की अवधि का वेतन पटवारियों को नहीं दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई को हड़ताल के बीच सख्त कदम माना जा रहा है। कार्रवाई के बावजूद आंदोलन जारी रखने का ऐलान इधर, प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद पटवारी अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। पटवारियों का कहना है कि शासन और प्रशासन चाहे जो कार्रवाई कर ले, वे अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे और आंदोलन जारी रखेंगे। आंदोलन के एक महीने पूरे होने पर काटेंगे केक पटवारियों के आंदोलन को एक महीना पूरा होने के अवसर पर 13 नवंबर को प्रदेशभर में केक काटने की योजना बनाई गई है। संगठन के अनुसार, यह कार्यक्रम आंदोलन की अवधि पूरी होने के प्रतीक के रूप में आयोजित किया जाएगा, ताकि शासन को उनकी मांगों और जारी आंदोलन की याद दिलाई जा सके। फिलहाल एक तरफ प्रशासन की सख्ती और दूसरी तरफ पटवारियों के आंदोलन जारी रखने के ऐलान से गतिरोध बना हुआ है। इसका असर राजस्व संबंधी कार्यों पर भी पड़ रहा है। अब देखना होगा कि शासन और पटवारी संगठनों के बीच बातचीत से इस विवाद का समाधान कब निकलता है।