समाचार · हरियाणा
तेज रफ्तार कार ने 6 साल के बच्चे को कुचला:मौके पर मौत; शव सड़क पर रख लगाया जाम; यमुनानगर पुलिस ने ट्रेस किया नंबर
यमुनानगर जिले के साढौरा के सरावां गांव में आज शाम तेज रफ्तार कार ने 6 साल के बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी क्लास में पढ़ने वाला गुरमीत घर से ट्यूशन पढ़ने जा रहा था। इसी दौरान बस स्टैंड के पास कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद ड्राइवर कार लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने बच्चे का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण कार ड्राइवर को मौके पर बुलाने और उसकी गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। घर से ट्यूशन के लिए निकला था गुरमीत परिवार के मुताबिक, सरावां गांव के शंटी सैनी का बेटा गुरमीत दोपहर करीब 3 बजे घर से ट्यूशन पढ़ने निकला था। वह सड़क किनारे चल रहा था। इसी दौरान साढौरा की तरफ से आई कार ने उसे कुचल दिया और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर ने कार नहीं रोकी और मौके से भाग निकला। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने के लिए काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा। इससे गुस्साए ग्रामीणों में गुस्सा भड़क गया और मौके पर इकट्ठा हो गए। शव सड़क पर रखकर लगाया जाम उन्होंने शव सड़क पर रखकर रास्ता बंद कर दिया। उन्होंने टक्कर मारने वाले ड्राइवर को मौके पर बुलाने और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जाम की सूचना मिलने पर थाना साढौराी SHO लखविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और समझाकर जाम खुलवाया। ग्रामीण बोले- तेज रफ्तार में गुजरते हैं डंपर ग्रामीणों ने बताया कि गांव के मुख्य रास्ते से रोज तेज रफ्तार में डंपर और गाड़ियां निकली हैं। इससे सड़क पर चलने वाले लोगों के साथ हादसे का खतरा बना रहता है। उनहोंने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग रखी। पुलिस ने ट्रेस किया कार का नंबर SHO लखविंदर सिंह ने बताया कि हादसे में शामिल कार का नंबर ट्रेस कर लिया गया है। मृतक बच्चे के परिजनों के बयान दर्ज कर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज करनी की कार्रवाई की गई। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।