entertainment
'दृश्यम 3' के बाद जयदीप अहलावत का नया धमाका, जानें कब और कहां होगी रिलीज?

Jaideep Ahlawat Pushpak Vimaan Series: जयदीप अहलावत (Jaideep Ahlawat) एक बार फिर दर्शकों के लिए कुछ नया लेकर आ रहे हैं. अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' में अपने अभिनय को लेकर चर्चा में रहे अभिनेता अब नई वेब सीरीज 'पुष्पक विमान' (Pushpak Vimaan) में नजर आएंगे. इस बार कहानी में सिर्फ अपराध और रहस्य ही नहीं, बल्कि हंसी-मजाक का भी तड़का होगा.
जयदीप के साथ दिखेंगे बरुन सोबती और अभिषेक बनर्जी
'पुष्पक विमान' में जयदीप अहलावत के साथ बरुन सोबती और अभिषेक बनर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. इस सीरीज को सुदीप शर्मा बना रहे हैं, जो 'पाताल लोक', 'कोहरा' और 'उड़ता पंजाब' जैसी कहानियों से पहले भी दर्शकों का ध्यान खींच चुके हैं. बरुन सोबती और सुदीप शर्मा इससे पहले भी साथ काम कर चुके हैं. अब यह जोड़ी एक नई कहानी के साथ लौट रही है.
आपको बता दें कि Variety India की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स इस सीरीज को 2026 की शुरुआत में OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, इसकी कहानी और दूसरी जानकारियों को फिलहाल गुप्त रखा गया है.
क्राइम के साथ कॉमेडी भी होगी खास
इस सीरीज की सबसे खास बात इसका अंदाज है. इसमें अपराध और सस्पेंस के साथ कॉमेडी भी देखने को मिलेगी. सुदीप शर्मा के मुताबिक, वह इस बार कुछ अलग तरह की कहानी कहना चाहते थे. इसमें हंसी-मजाक किसी अलग से जोड़े गए हिस्से से नहीं, बल्कि किरदारों और उनके सामने आने वाली मुश्किलों से पैदा होगा.
अभिषेक बनर्जी ने भी संभाली कहानी की जिम्मेदारी
अभिषेक बनर्जी इस सीरीज में अभिनय करने के साथ-साथ इसकी कहानी लिखने में भी शामिल हैं. उन्होंने सुदीप शर्मा के साथ मिलकर इसे तैयार किया है. वहीं, नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने भी इसे दिलचस्प कहानी बताया है. उनके मुताबिक, दर्शक इस सफर को बीच में छोड़ना नहीं चाहेंगे.
कब और कहां देख सकेंगे 'पुष्पक विमान'?
'पुष्पक विमान' को सौरभ मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है. यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी. हालांकि, अभी इसकी स्ट्रीमिंग की तारीख सामने नहीं आई है. ऐसे में दर्शकों को इसकी रिलीज डेट के आधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा.
ये भी पढ़ें: 'भूल-चूक माफ करना मइया...', पहली बार छठ व्रत रख भावुक हुईं काजल राघवानी, पोस्ट में कही दिल की बात