Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

कुलस्ते ने सोनिया गांधी की किताब को मनगढ़ंत बताया:बोले- यह राहुल गांधी की राजनीतिक लॉन्चिंग और जनता को भ्रमित करने की कोशिश

INT News12 November 2026 at 08:55 pm

मंडला सांसद और केंद्रीय मंत्री रह चुके फग्गन सिंह कुलस्ते ने सोनिया गांधी की किताब को मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के जरिए जनता को भ्रमित करने और राहुल गांधी की राजनीतिक लॉन्चिंग की कोशिश की जा रही है। कुलस्ते ने कहा कि किसी नेता की पहचान किताबों में लिखी बातों से नहीं, बल्कि उसके व्यवहार और कामकाज से होती है। राहुल गांधी के नेतृत्व पर उठाए सवाल कुलस्ते गुरुवार को मंडला के भाजपा कार्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों को लेकर हुई बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की किताब के जरिए जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कुलस्ते ने कहा कि नेता की पहचान उसके व्यवहार और जनता के बीच सक्रियता से होती है। उनके मुताबिक, विपक्ष के नेता होने के बावजूद राहुल गांधी देश के बारे में कोई स्पष्ट संदेश नहीं दे पा रहे हैं। बोले- कांग्रेस का दौर खत्म हो चुका कुलस्ते ने कहा कि कांग्रेस का दौर खत्म हो चुका है। उनके मुताबिक, देश की जनता विकास और भारत के कल्याण की बात करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया भारत की ओर देख रही है और देश विकास के नए आयाम बना रहा है। अगले चुनाव में भी मोदी का नेतृत्व रहेगा उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में भी नरेंद्र मोदी का नेतृत्व रहेगा और इसमें कोई संशय नहीं है। कुलस्ते ने बताया कि उन्होंने कई प्रधानमंत्रियों का कार्यकाल देखा है और अटल बिहारी वाजपेयी के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि वाजपेयी के दौर में गरीबों के कल्याण की योजनाएं आगे बढ़ाई गईं, जिन्हें मोदी सरकार अब विस्तार दे रही है। कुलस्ते ने कहा कि किसी नेता की छवि किताबों से नहीं, बल्कि उसके काम, व्यवहार और जनता के बीच स्वीकार्यता से बनती है।