समाचार · हरियाणा
सचिन बेनीवाल ने पहले प्रयास में FMGE पास की:भापरा गांव के पहले डॉक्टर बने; परिवार और ग्रामीणों ने दी बधाई
समालखा के निकटवर्ती गांव भापरा निवासी होनहार युवा सचिन बेनीवाल ने नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन (NBE) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित 'फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जामिनेशन' (FMGE) उत्तीर्ण कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही डॉ. सचिन भापरा गांव के पहले चिकित्सक (डॉक्टर) बन गए हैं। उनकी इस सफलता से सोनीपत और समालखा क्षेत्र में खुशी की लहर है और उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। पहले प्रयास में हासिल की सफलता चिकित्सा क्षेत्र की बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण मानी जाने वाली इस परीक्षा को डॉ. सचिन ने अपनी अटूट लगन और कठिन परिश्रम के बल पर पहले ही प्रयास में पास कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनके पिता सुरजीत बेनीवाल सोनीपत जिले में एक प्रतिष्ठित बैटरी कंपनी के सीएंडएफ (CF) डीलर हैं। परिजनों के आशीर्वाद को दिया सफलता का श्रेय अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए डॉ. सचिन बेनीवाल ने सफलता का श्रेय अपने स्वर्गीय दादा लहना सिंह, दादी केसर देवी, पिता सुरजीत बेनीवाल और माता सीमा बेनीवाल के आशीर्वाद व निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के अटूट विश्वास के बिना यह मुकाम हासिल करना आसान नहीं था। क्षेत्र के युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने डॉ. सचिन को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी इस कामयाबी से न केवल माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है, बल्कि भापरा और सोनीपत के अन्य युवाओं को भी चिकित्सा व शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है। युवा चिकित्सक डॉ. सचिन ने भविष्य में निष्ठापूर्वक समाज सेवा करने और चिकित्सा क्षेत्र में उच्च आदर्श स्थापित करने का संकल्प लिया है।