समाचार · बिहार
पटना के बिहटा में कबाड़ी दुकान में लगी भीषण आग, बुझाने के दौरान झुलसे दुकानदार

Patna News: राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के समस्तु स्थान स्थित वार्ड संख्या आठ में शनिवार की देर शाम एक कबाड़ी की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. आग बुझाने के दौरान दुकान के मालिक राजीव कुमार झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. गनीमत यह रही कि समय पर इलाज मिलने से उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
पटाखे की चिंगारी से आग लगने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय दुकान के आसपास कुछ लोग पटाखे फोड़ रहे थे, जिससे निकली चिंगारी संभवतः कबाड़ी के सामान पर जा गिरी और देखते ही देखते आग भड़क उठी. आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. स्थानीय लोगों ने अपनी तरफ से पानी डालकर आग बुझाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन कबाड़ी दुकान में मौजूद ज्वलनशील और प्लास्टिक सामग्रियों के कारण आग तेजी से फैल गई और उस पर काबू पाना मुश्लिक हो गया. इसी दौरान आग बुझाने की कोशिश में दुकानदार राजीव कुमार उसकी चपेट में आ गए.
दमकल की तीन गाड़ियों ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के माध्यम से फायर कंट्रोल रूम को अवगत कराया गया. इसके बाद अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर रवाना की गईं. दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया.
अग्निशमन विभाग के स्थानीय अधिकारी शिव बचन सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही गाड़ियों को भेजकर आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया था. आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और घायल दुकानदार का इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Also Read: दानापुर में धूमधाम से मनाया गया 18 बिहार बटालियन का 18वां स्थापना दिवस