national
जगदीप धनगढ़ की बीमारी पर महुआ मोइत्रा का तंज, मोदी सरकार को लेकर दी ये नसीहत

महुआ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "धनखड़ साहब के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं. लेकिन सर, जब तक यह सरकार सत्ता में है, कृपया अब सुबह की सैर पर मत जाइए. बस कह रही हूं."
महुआ मोइत्रा का यह बयान ऐसे समय आया है, जब धनखड़ को सुबह की सैर के दौरान बेहोश होने के बाद दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया है. उनके इस पोस्ट को मोदी सरकार पर राजनीतिक कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है.
सुबह की सैर के दौरान बेहोश होकर गिर पड़े थे धनखड़
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार, 11 नवंबर की सुबह दिल्ली में नियमित सैर पर निकले थे. इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े. उनके साथ मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें पुलिस वाहन से घर पहुंचाया. इसके बाद ILBS की मेडिकल टीम और AIIMS के डॉक्टर संदीप सेठ ने घर पर उनकी जांच की.
बाद में उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली AIIMS ले जाया गया. समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, 75 वर्षीय धनखड़ को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है. फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: ‘खुशी है BJP नेता मां की किताब पढ़ रहे हैं’, प्रियंका गांधी बोली- लोगों ने कई झूठी कहानियां गढ़ीं, अब वह अपनी सच्चाई बता रही हैं
धनखड़ की सेहत पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार
धनखड़ की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर 12 नवंबर की सुबह तक AIIMS की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया था. उनके बेहोश होने की वजह और इलाज से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है.
बता दें कि मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद धनखड़ को AIIMS के क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था. उस समय उनकी एंजियोप्लास्टी की गई थी. वहीं, उन्होंने जुलाई 2025 में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था.
महुआ मोइत्रा ने दिल्ली के प्रदूषण से धनखड़ की तबीयत को जोड़ा?
जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ने के बीच दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है. दिवाली के बाद से राजधानी की हवा लगातार खराब बनी हुई है. 9 नवंबर को सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत AQI 370 दर्ज किया गया था, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है. वहीं, 12 नवंबर की सुबह 5 बजे AQI 317 रहा. प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए CAQM ने 6 नवंबर से दिल्ली-NCR में GRAP का तीसरा चरण लागू कर रखा है.
महुआ मोइत्रा ने जगदीप धनखड़ के मॉर्निंग वॉक के दौरान बेहोश होने की घटना को दिल्ली के प्रदूषण से जोड़ते हुए मोदी सरकार पर तंज कसा है. हालांकि, धनखड़ के बेहोश होने और वायु प्रदूषण के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.