Sunday, 8 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

टीएमएच में डिजिटल भुगतान को बढ़ावा, अब कतार में लगे बिना सीधे करा सकेंगे इलाज और जांच

INT News7 November 2026 at 10:58 pm

जमशेदपुर : टाटा स्टील द्वारा संचालित शहर के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ने मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से डिजिटल भुगतान प्रणाली के उपयोग को बढ़ावा देने की पहल की है. अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे ओपीडी परामर्श, पैथोलॉजिकल व डायग्नोस्टिक जांच और भर्ती मरीजों के बिल भुगतान के लिए काउंटर पर कतार में खड़े होने के बजाय डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें.

ये भी पढ़ें : टाटा स्टील का जबरदस्त प्रदर्शन, दूसरी तिमाही में भारत में मुनाफा 20 फीसदी बढ़कर 5,055 करोड़ हुआ

मोबाइल फोन के जरिये ही आसानी से कर सकेंगे भुगतान

अस्पताल की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, वर्तमान में बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन इस बात से अनजान हैं कि वे अपने मोबाइल फोन के जरिये ही आसानी से भुगतान कर सकते हैं. मरीज यूपीआइ, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से सीधे ऑनलाइन भुगतान कर तुरंत आवश्यक स्वास्थ्य सेवा प्राप्त कर सकते हैं. इससे उन्हें लंबे समय तक कतारों में इंतजार नहीं करना पड़ेगा और उनका समय बचेगा. डिजिटल भुगतान प्रक्रिया से न केवल ओपीडी मरीजों को डॉक्टर के परामर्श और जांच के लिए तुरंत सेवा मिलेगी, बल्कि इंडोर (अस्पताल में भर्ती) मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए भी डिस्चार्ज की प्रक्रिया बेहद आसान हो जायेगी.

डिस्चार्ज के समय विभिन्न काउंटरों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत

मरीज या उनके परिजन वार्ड में रहते हुए ही अस्पताल के बिलों का डिजिटल भुगतान कर सकेंगे, जिससे उन्हें डिस्चार्ज के समय विभिन्न काउंटरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी. टीएमएच प्रबंधन ने बताया कि डिजिटल भुगतान अपनाने से भुगतान की तत्काल रसीद मिल जाती है और अस्पताल परिसरों में भीड़ भी कम होती है, जिससे एक बेहतर और मरीज अनुकूल माहौल तैयार होता है. अस्पताल ने मरीजों से अपील की है कि वे कैशलेस और बाधा रहित इलाज के अनुभव के लिए अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान प्रणाली का उपयोग करें.

ये भी पढ़ें : अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप