समाचार · मध्य प्रदेश
मस्जिद से निकलते बस क्लीनर को गोली मारी,कंधे में फंसी:आरोपी ने युवक की पत्नी को छेड़ा तो हुई थी कहासुनी; इमरजेंसी वार्ड में भर्ती
मंदसौर शहर से सटे मुल्तानपुरा में शुक्रवार देर शाम नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकले 30 वर्षीय युवक पर फायरिंग कर दी गई। गोली युवक के बाएं कंधे के ऊपर लगी। गंभीर हालत में परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद अस्पताल में परिजनों की भीड़ जमा हो गई, वहीं पुलिस बल भी तैनात रहा।
घायल की पहचान रईस पिता बाबू कोड़ा (30) निवासी मुल्तानपुरा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि साबिर हड्डी ने रईस को पकड़ लिया और सादिक पिता रसीद हाजी ने उस पर गोली चला दी। वारदात में अकबर हाजी सहित करीब छह लोगों के शामिल होने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि रईस बस में क्लीनर का काम करता है। भाई बोला- पत्नी से छेड़छाड़ को लेकर चल रहा था विवाद
रईस के भाई सद्दाम ने को बताया कि उसका भाई नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकला था। इसी दौरान साबिर हड्डी ने उसे पकड़ लिया और सादिक ने गोली मार दी। सद्दाम का आरोप है कि सादिक ने पहले उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की थी। इसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने इसी रंजिश में हमला किए जाने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर सीएसपी जितेंद्र भास्कर, यशोधर्मन थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। कंधे में फंसी है गोली, हालत खतरे से बाहर
सीएसपी ने बताया कि मुल्तानपुरा वायडी नगर थाना क्षेत्र में आता है। रईस नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकल रहा था, तभी सादिक नाम के व्यक्ति ने उस पर फायर किया। घायल ने अपने भाई की पत्नी के साथ पहले हुई छेड़छाड़ की घटना को विवाद की वजह बताया है। सीएसपी के अनुसार गोली रईस के बाएं कंधे के ऊपर लगी है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है और जिला अस्पताल में उपचार जारी है। गोली अभी कंधे के अंदर ही फंसी हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।