national · पश्चिम बंगाल
West Bengal: नदी के रास्ते बॉर्डर पार कर रहे थे 7 संदिग्ध, BSF की फायरिंग में एक घायल, 3 किलो सोना बरामद

West Bengal News: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सोने की तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम करने का मामला सामने आया है. शुक्रवार देर रात कृष्णगंज इलाके में सीमा की निगरानी कर रहे सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों का सामना कथित तौर पर बांग्लादेश से भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे सात लोगों से हुआ. जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन चेतावनी के बावजूद वे आगे बढ़ते रहे. इसके बाद बीएसएफ ने फायरिंग की, जिसमें एक युवक घायल हो गया. उसके पास से करीब तीन किलो सोना बरामद किया गया है. बाकी छह संदिग्ध मौके से फरार हो गए.
नदी के रास्ते भारत में घुसने की कोशिश
बीएसएफ सूत्रों ने बताया कि घटना कृष्णगंज के तुंगी सीमा क्षेत्र की है. शुक्रवार रात सात बांग्लादेशी नागरिक कथित तौर पर नदी के रास्ते सीमा पर लगी कंटीली तार की बाड़ के पास पहुंचे थे. उस समय जवान इलाके में गश्त कर रहे थे. संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर बीएसएफ ने उन्हें रुकने को कहा. लेकिन, समूह ने जवानों की चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास किया. हालात को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने गोलियां और रबर की गोलियां चलाईं.
एक युवक के पैर में लगी गोली
फायरिंग में घायल युवक की पहचान मोनिरुल इस्लाम के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि पीठ पर रबर की गोली से चोट आई. घटना के दौरान उसके साथ मौजूद छह अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले. बीएसएफ जवानों ने घायल युवक को मौके से निकालकर इलाज के लिए कृष्णानगर के शक्तिनगर अस्पताल भेजा.
घायल युवक के पास से तीन किलो सोना बरामद
बीएसएफ सूत्रों के अनुसार, घायल मोनिरुल इस्लाम के पास से लगभग तीन किलोग्राम सोना बरामद हुआ है. आशंका जताई जा रही है कि इसे बांग्लादेश से भारत लाने की कोशिश की जा रही थी. घायल युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच और पूछताछ की प्रक्रिया शुरू की गई है. सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि सोने की इस खेप को कहां पहुंचाया जाना था और फरार लोगों की इसमें क्या भूमिका थी.
काली पूजा से पहले सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी
काली पूजा से पहले हुई इस कार्रवाई को बीएसएफ तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता मान रही है. नदिया जिले के सीमावर्ती इलाकों में घुसपैठ और अवैध सामान की आवाजाही रोकने के लिए निगरानी कड़ी की गई है. सुरक्षा बल सर्दियों के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में चौकसी और बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि नदी और बाड़ से सटे रास्तों का इस्तेमाल कर होने वाली तस्करी पर लगाम लगाई जा सके.