समाचार · झारखंड
दिल्ली में चैंपियन बनीं सिमडेगा की बेटियां, शहर लौटते ही विजेता टीम का भव्य अभिनंदन

Hockey Champion . दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित 32वीं नेहरू बालिका हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीतकर सिमडेगा लौटी सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स सिमडेगा की टीम का शुक्रवार को झूलन सिंह चौक पर भव्य स्वागत किया गया.
बैंड-बाजे के साथ हुआ स्वागत
टीम के सिमडेगा पहुंचते ही खिलाड़ियों और कोच का फूल-माला व बुके देकर अभिनंदन किया गया. बैंड-बाजे के साथ खिलाड़ियों का स्वागत हुआ. इसके बाद विजेता टीम को पैदल स्कूल मैदान तक ले जाया गया. इस दौरान टीम की कोच एमा बाड़ा और आरती बड़ाइक समेत सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर स्कूल के शिक्षकों और छात्राओं में उत्साह का माहौल रहा.
स्कूल के शिक्षकों और छात्राओं ने बढ़ाया उत्साह
स्वागत समारोह में सिमडेगा विधायक के जिला प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, एपीओ नीरज बड़ाइक, शिक्षक अनंत कुमार, कुणाल कुमार, मनोज, समीर किंडो समेत स्कूल के सभी शिक्षक, छात्राएं और अन्य लोग मौजूद रहे. विजेता टीम के लौटने पर लोगों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके बेहतर भविष्य की कामना की.