समाचार · मध्य प्रदेश
9 संभागों के 400 स्टूडेंट्स ने किया मार्च पास्ट:राज्य स्तरीय क्रिकेट-नेटबॉल प्रतियोगिता शुरू; क्रिकेट में भोपाल ने उज्जैन को हराया
शिवपुरी के सांदीपनि स्कूल के नवनिर्मित खेल परिसर में शुक्रवार शाम राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का आगाज हुआ। बैंड की धुन, हाथों में ध्वज, कदमताल और सलामी के बीच 9 संभागों के करीब 400 बालक-बालिकाओं ने मार्च पास्ट किया। प्रतियोगिता में 17 वर्षीय बालिका क्रिकेट और 19 वर्षीय बालक-बालिका नेटबॉल के मुकाबले हो रहे हैं। पहले दिन बालिका क्रिकेट में भोपाल और नर्मदापुरम की टीमों ने जीत दर्ज की।
शुक्रवार शाम 5 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में संभागीय टीमों ने अपने ध्वज और नाम पट्टिकाओं के साथ मार्च पास्ट किया। खिलाड़ियों ने अतिथियों को सलामी दी। इसके बाद ध्वजारोहण हुआ और खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ ली। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव मुख्य अतिथि रहीं, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा ने अध्यक्षता की। जिला क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष संजय सांखला, भाजपा जिला महामंत्री लवलेश जैन चीनू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोज निगम सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, कोच और खेल से जुड़े लोग मौजूद रहे। सांदीपनि स्कूल के विद्यार्थियों ने वाद्य यंत्रों के साथ स्वागत गीत प्रस्तुत किया। आभार पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी महेंद्र तौमर ने व्यक्त किया। भोपाल ने उज्जैन को 44 रन से हराया
पहले दिन 17 वर्षीय बालिका क्रिकेट के लीग मुकाबले खेले गए। पहले मैच में भोपाल ने उज्जैन को 44 रन से हराया। उज्जैन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। भोपाल ने 12 ओवर में 122 रन बनाए। आर्या नायक ने नाबाद 87 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए उज्जैन की टीम जीत हासिल नहीं कर सकी। भीनी दुग्गल ने 26 और रेणुका पवार ने नाबाद 20 रन बनाए। नर्मदापुरम ने सागर को 7 विकेट से हराया
दूसरे मुकाबले में सागर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 67 रन बनाए। आन्या ने 21 और रोशनी ने 13 रन का योगदान दिया। नर्मदापुरम की ओर से आफिया ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए नर्मदापुरम ने 11.3 ओवर में 7 विकेट से मुकाबला जीत लिया। आन्या ने 24 और आफिया ने 21 रन बनाए। शानदार प्रदर्शन के लिए आफिया को वुमन ऑफ द मैच चुना गया।