समाचार · पंजाब
नूरमहल में हेल्थ डिपार्टमेंट की मिठाई दुकानों पर रेड:कई दुकानदारों ने मिठाइयां नष्ट कीं; विभाग ने सैंपल जांच के लिए भेजे
त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने जालंधर जिले के नूरमहल में आज जांच अभियान चलाया। टीम की दबिश की सूचना मिलते ही मिठाई दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई से बचने के लिए अपनी तैयार मिठाइयां नष्ट कर दीं। असिस्टेंट कमिश्नर फूड सेफ्टी राजिंदर पाल सिंह और फूड सेफ्टी ऑफिसर रसू महाजन के नेतृत्व में टीम ने शहर की तीन बड़ी मिठाई दुकानों की जांच की। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध मिठाइयों की गुणवत्ता परखी गई और बर्फी सहित अन्य मिठाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। 14 दिन में आएगी रिपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि सैंपल की रिपोर्ट करीब 14 दिन में आने की उम्मीद है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में खामियां पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग सतर्क फूड सेफ्टी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग सतर्क है। जांच अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके बाद भी नियमित रूप से जारी रहेगा।