Friday, 23 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रायगढ़ में प्रशिक्षु SI से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की:अवैध शराब की कार्रवाई में पहुंची थी टीम, 3 महिला समेत 4 लोग गिरफ्तार

INT News23 October 2026 at 07:56 pm

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में पुलिस की टीम अवैध शराब की बिक्री को लेकर कार्रवाई में पहुंची थी। तभी महिलाओं ने महिला प्रशिक्षु एसआई के साथ हुज्जतबाजी, गाली-गलौज और धक्का मुक्की कर दी। जिसके बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया और सरकारी काम में बाधा डालने वाले 3 महिला समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक गुरूवार की रात केा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गढ़उमरिया निवासी पिताम्बर उर्फ फुंदु लहरे 24 साल अवैध रूप से शराब बनाकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक नरसिंहनाथ यादव, आरक्षक सुशील यादव, तरुण महिलाने, संजय एक्का व शांति मिरी की टीम शासकीय वाहन से ग्राम गढ़उमरिया पहुंची। पुलिस टीम संदेही के मकान के पास पहुंची और घेराबंदी की। इसी दौरान एक व्यक्ति थैला लेकर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पिताम्बर लहरे बताया। पुलिस ने जांच में उसके पास से काफी मात्रा में देसी शराब बरामद की।

महिला पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की

इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही थी, तभी आरोपी पुलिस के कब्जे से निकलकर भागने का प्रयास करने लगा। इस दौरान घर की महिलाएं मौके पर पहुंचीं। इसके बाद बीना लहरे 26 साल, रजनी मिरी 30 साल, दुमेश्वरी मिरी 50 साल ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या बंजारे के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की और पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने लगा।

आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया

मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए संबंधित आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले आयी। पुलिस ने अवैध शराब मामले के साथ ही सरकारी काम में बाधा डालने का अपराध दर्ज करते हुए मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सरकारी काम में बाधा डालने पर होगी कार्रवाई

SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण व बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस के अथवा किसी भी शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले कृत्यों पर पुलिस सख्ती से निपटेगी और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।