समाचार · मध्य प्रदेश
रायसेन में दो हादसों में युवक की मौत,6 मजदूर घायल:मजदूरों से भरी पिकअप पलटी; वाहन की टक्कर से बाइक सवार की जान गई
रायसेन जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई और 6 मजदूर गंभीर घायल हुए। पहली घटना देवनगर थाना क्षेत्र में नकतरा चौकी के पास हुई। मजदूरों से भरी एक बोलेरो पिकअप का एक्सल टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलटा। इसमें 5-6 मजदूर घायल हुए। देवनगर थाना प्रभारी हरिओम आस्तया के अनुसार, मजदूर सागर से कंकाली में पाइपलाइन के काम पर जा रहे थे। वाहन अनियंत्रित हुआ तो कुछ मजदूर कूद गए, कुछ सड़क पर गिरे। उन्हें सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं। डायल 112 ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पिकअप का नंबर RJ 19 GF 5917 है। दूसरी घटना में, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार संतोष गंभीर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। संतोष सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के चुका टोला का निवासी था। पुलिस दोनों मामलों में कार्रवाई कर रही है।