समाचार · पंजाब
सांसद तरुण चुघ ने केंद्रीय कृषि मंत्री से की मुलाकात:बोले- अमृतसर में हॉर्टिकल्चर संस्थान की जमीन खरीद अटकी, 206 वैज्ञानिकों की नियुक्ति रुकी
भाजपा सांसद तरुण चुघ ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। उन्होंने अमृतसर में प्रस्तावित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ हॉर्टिकल्चर रिसर्च एंड एजुकेशन की स्थापना में आ रही देरी पर बात की। चुघ ने पंजाब सरकार से 30 एकड़ जमीन की खरीद प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया। सांसद तरुण चुघ ने बताया कि केंद्र सरकार ने 2015 में इस संस्थान को मंजूरी दी थी। पहले अटारी गांव में 100 एकड़ जमीन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) को शोध के लिए मिली थी। बाद में भवनों के लिए 30 एकड़ अतिरिक्त जमीन चुनी गई, पर पंजाब सरकार की लापरवाही से खरीद पूरी नहीं हुई। अधिसूचना जारी होने के बाद भी नहीं हुआ अधिग्रहण : चुघ चुघ ने कहा कि 20 मार्च 2023 को जमीन अधिग्रहण की अधिसूचना जारी होने के बावजूद भगवंत मान सरकार प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाई। इससे पंजाब के किसानों और कृषि अनुसंधान को नुकसान हो रहा है। जमीन खरीद रुकने से ₹1,700 करोड़ का प्रस्ताव और 206 बागवानी वैज्ञानिकों की नियुक्तियां स्थगित हो गई हैं। पंजाब को बागवानी अनुसंधान का प्रमुख केंद्र बनाने की क्षमता रखने वाली इस परियोजना को राज्य सरकार की लापरवाही के कारण अनिश्चितकाल तक लंबित नहीं रखा जा सकता। चुघ ने केंद्रीय कृषि मंत्री से आग्रह किया कि पंजाब सरकार के साथ इस मामले को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाए और चयनित 30 एकड़ जमीन की खरीद प्रक्रिया तत्काल पूरी करवाने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाए। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों और विद्यार्थियों के हित में इस संस्थान की स्थापना जल्द से जल्द सुनिश्चित की जानी चाहिए।