समाचार · छत्तीसगढ़
बेरला पुलिस ने गांजा तस्करी करते युवक को पकड़ा:1 किलो 78 ग्राम गांजा, बाइक और नकदी सहित 86,900 रुपए का सामान जब्त
बेमेतरा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए साइबर सेल और बेरला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को गांजा परिवहन करते गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान खर्रा निवासी रोहन साहू (29) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 किलो 78 ग्राम गांजा, बाइक, मोबाइल और 9,900 रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 86 हजार 900 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर की घेराबंदी पुलिस के अनुसार, बेरला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बाइक क्रमांक CG 25 G 1082 में गांजा छिपाकर गोगांव-रायपुर की ओर से आनंदगांव-कुम्ही होते हुए नहर के रास्ते खर्रा की ओर आ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और ग्राम खर्रा में मंदिर के पास नहर पार जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने बाइक सवार रोहन साहू को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो 78 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजा, बाइक और मोबाइल भी जब्त पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 हजार रुपए कीमत का गांजा, करीब 50 हजार रुपए की बाइक, 15 हजार रुपए का मोबाइल और 9,900 रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 86 हजार 900 रुपए बताई गई है। साइबर सेल और बेरला पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, बेरला थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार साहू सहित साइबर सेल और थाना बेरला के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।