Friday, 23 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बिना चलाए हैंडपंप से निकलने लगा पानी:फव्वारे जैसा नजारा देख सालीवाड़ा गांव में लगी भीड़

INT News23 October 2026 at 07:48 pm

सिवनी जिले के धनोरा विकासखंड के सालीवाड़ा गांव में शुक्रवार शाम एक हैंडपंप से लगातार अपने आप पानी निकलने की घटना सामने आई। हैंडपंप के आसपास से पानी बाहर निकलता देख ग्रामीणों में कौतूहल फैल गया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और पानी के फव्वारे जैसा नजारा देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे हैंडपंप के आसपास से अचानक पानी निकलना शुरू हुआ। पानी लगातार बाहर बह रहा था, जिससे कुछ समय के लिए वहां फव्वारे जैसी स्थिति बन गई। घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की जांच के बाद ही पानी निकलने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। सालीवाड़ा ग्राम पंचायत की सरपंच घूरो बाई सल्लाम, सचिव सुभाष राय और सहायक सचिव राजपाल मरावी के अनुसार, घटना का वास्तविक कारण जानने के लिए हैंडपंप की पाइपलाइन, आसपास की जमीन और भूजल की स्थिति की जांच जरूरी है। जांच के बिना किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। आर्टीजियन दबाव से निकल सकता है पानी पीएचई विभाग के पूर्व एसडीओ कंचन नेहरा के मुताबिक,इस तरह की स्थिति का एक संभावित कारण आर्टीजियन दबाव हो सकता है। जब जमीन के भीतर पानी किसी दबावयुक्त जलभृत में मौजूद होता है और उसे बाहर निकलने का रास्ता मिल जाता है, तो पानी बिना मोटर चलाए भी ऊपर आ सकता है।