Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

11वीं के स्टूडेंट ने बनाई एनिमल रेस्क्यू टीम:1000 सांप, 800 गायों और 600 से ज्यादा डॉग की बचा चुके हैं जान

INT News9 November 2026 at 06:34 am

किसी घर में सांप घुस जाए, सड़क पर कोई कुत्ता घायल पड़ा हो या कहीं गाय दुर्घटना का शिकार हो जाए... ऐसे समय में अक्सर लोग मदद के लिए इधर-उधर फोन लगाते हैं। कई बार रेस्क्यू करने वाला व्यक्ति नहीं मिल पाता और डर के कारण लोग जानवरों को मार देते हैं। रायपुर के 16 साल के आदित्य ने इसी समस्या का समाधान निकालने की कोशिश की है। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले आदित्य ने 10 साल की उम्र से जानवरों को बचाने का काम शुरू किया। अब वे अकेले नहीं, बल्कि 300 से 400 लोगों को जोड़कर एक वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस ग्रुप चला रहे हैं। इस ग्रुप की खासियत है कि इसमें सांप पकड़ने वाले रेस्क्यूअर से लेकर डॉग, कैट और गायों का रेस्क्यू करने वाले लोग भी जुड़े हैं। किसी भी तरह के जानवर के रेस्क्यू की सूचना ग्रुप में डाली जाती है। इसके बाद आसपास मौजूद रेस्क्यूअर को मौके पर भेजने की कोशिश की जाती है। आदित्य के मुताबिक, उनके ग्रुप वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस टीम में 10 लोग सक्रिय रूप से रेस्क्यू का काम करते हैं, जबकि 300 से 400 लोग नेटवर्क से जुड़े हैं। 10 साल की उम्र से शुरू किया काम, अब खुद संभाल रहे पूरी टीम आदित्य बताते हैं कि उन्होंने बचपन से ही जानवरों को बचाने में रुचि दिखाई। शुरुआत गौसेवा से हुई और धीरे-धीरे दूसरे जानवरों के रेस्क्यू का काम भी शुरू कर दिया। उन्होंने देखा कि ज्यादातर लोग अपने स्तर पर रेस्क्यू करते हैं। लेकिन हर व्यक्ति हर जगह नहीं पहुंच सकता। ऐसे में कई बार सूचना मिलने के बाद भी जानवरों को समय पर मदद नहीं मिल पाती। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने सभी रेस्क्यू करने वालों को एक ग्रुप में जोड़ने का फैसला किया। इसका नाम वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस रखा। अब इस ग्रुप के जरिए किसी भी जानवर के रेस्क्यू की सूचना साझा की जाती है, ताकि जरूरत के हिसाब से आसपास मौजूद व्यक्ति मदद के लिए पहुंच सके। आदित्य फिलहाल 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं। उनका कहना है कि अभी उनका मुख्य काम स्नेक रेस्क्यू है, लेकिन दूसरे जानवरों का रेस्क्यू करने में भी वे पीछे नहीं रहते। बचपन में डिस्कवरी चैनल देखकर सीखा इस टीम से जुड़े 26 साल के शशांक भारती गोस्वामी पिछले दो साल से स्नेक रेस्क्यू कर रहे हैं। वे बताते हैं कि आदित्य से मुलाकात और बातचीत के बाद वे इस काम से जुड़े। हालांकि, सांपों को पकड़ने का शौक उन्हें बचपन से था। आसपास के घरों में सांप निकलने पर वे उन्हें पकड़ने पहुंच जाते थे। शशांक पेशे से एसी रिपेयरिंग का काम करते हैं। उनका दावा है कि अब तक वे हजारों सांपों का रेस्क्यू कर चुके हैं। दो साल पहले आकाश भी जुड़े टीम के सदस्य 29 वर्षीय आकाश सोनी पिछले दो साल से आदित्य के साथ जुड़े हैं। हालांकि, उनके मुताबिक आदित्य करीब छह से सात साल से रेस्क्यू का काम कर रहे हैं। आकाश का कहना है कि वे गौसेवा, डॉग रेस्क्यू और स्नेक रेस्क्यू समेत हर तरह के जानवरों को बचाने का काम करते हैं। आकाश बताते हैं कि परिवार चाहता है कि वे रेस्क्यू के साथ अपना दूसरा काम भी करें। हालांकि, वे अपना पूरा समय इसी काम में लगाते हैं। परिवार आर्थिक रूप से सक्षम है और रेस्क्यू के लिए मिलने वाली फंडिंग से भी जरूरतें पूरी करते हैं। 10 लोगों की टीम, वाट्सएप ग्रुप से दूसरे जिलों तक नेटवर्क आदित्य के मुताबिक, उनकी अपनी रेस्क्यू टीम में करीब 10 लोग हैं, जो मिलकर काम करते हैं। इसके अलावा उन्होंने एक वाट्सएप ग्रुप भी बनाया है। इसमें रायपुर शहर के साथ दूसरे जिलों के ऐसे लोग और संगठन जुड़े हैं, जो जानवरों को बचाने का काम करते हैं। इस नेटवर्क में नोवा नेचर, लीलावती गौ सेवा धाम, टीम करण सुना, साजिद खान, वाटिका एनिमल सेंचुरी (डॉग रेस्क्यू) और स्ट्रे कीपर (डॉग रेस्क्यू) जैसे नाम जुड़े हैं। इस तरह आदित्य ने अलग-अलग स्तर पर काम कर रहे लोगों और संस्थाओं को एक मंच पर लाने की कोशिश की है, ताकि किसी भी जानवर को मदद के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े। स्कूल-कॉलेज में जाकर लोगों को दे रहे जागरूकता की ट्रेनिंग वाइल्डलाइफ रेस्क्यू सर्विस की टीम जानवरों को बचाने के साथ लोगों को जागरूक करने का काम भी कर रही है। इसके लिए टीम स्कूल और कॉलेजों में जाकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करती है। आदित्य बताते हैं कि लोगों को समझाया जाता है कि कौन से सांप जहरीले होते हैं और कौन से नहीं, सांपों और दूसरे जीव-जंतुओं को क्यों नहीं मारना चाहिए और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में उनकी क्या भूमिका है। इसके साथ ही लोगों को यह भी बताया जाता है कि अगर घर में अचानक सांप घुस जाए तो घबराने के बजाय क्या सावधानियां बरतनी चाहिए और रेस्क्यू टीम के पहुंचने तक खुद को और आसपास के लोगों को सुरक्षित कैसे रखना है। टीम का उद्देश्य है कि जानकारी के अभाव में लोग किसी बेजुबान की जान न लें और खुद भी सुरक्षित रहें।