समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा बोले:किसान 3 महीने मेहनत करते हैं, 9 महीने ताश खेल और राजश्री-बोतल में बिताते हैं; पहले जैसी किसानी नहीं बची
रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा ने किसानों की जीवनशैली को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि आज के किसान पहले जैसे नहीं रह गए हैं। वे कंफर्ट पसंद करने लगे हैं और साल में सिर्फ 3 महीने खेती में मेहनत करते हैं, जबकि बाकी 9 महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले चढ़ाने में बिताते हैं। गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में दिया बयान दरअसल, सांसद मऊगंज जिले की रकरी ग्राम पंचायत स्थित कमल गौशाला में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। इसी दौरान उन्होंने किसानों की दिनचर्या पर यह टिप्पणी की। उनके संबोधन का वीडियो सोमवार रात सामने आया, जिसके बाद बयान चर्चा में आ गया। बोले- किसान पहले जैसे नहीं रहे कार्यक्रम में जनार्दन मिश्रा ने कहा कि अब के किसान पहले के किसानों जैसे नहीं रह गए हैं। वे काफी बदल गए हैं और कंफर्ट पसंद करने लगे हैं। इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि किसान 3 महीने मेहनत करते हैं, बाकी के 9 महीने क्या करते हैं? इस पर वहां मौजूद एक व्यक्ति ने जवाब दिया कि ताश खेलते हैं। सांसद ने उसकी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि आज का किसान 3 महीने मेहनत करता है और बाकी 9 महीने ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले चढ़ाता है। सांसद यह टिप्पणी खेती में घटती आमदनी और मुनाफे पर अपनी बात रखते हुए कर रहे थे। उनके बयान में किसानों की मेहनत और बाकी समय की दिनचर्या की तुलना की गई है।