Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बैतूल के 6 गांवों में 304 लोगों को रजिस्ट्रियां मिली:मंत्री बोले- ग्रामीण जमीन के दम पर आसानी से बैंक लोन ले सकेंगे

INT News6 November 2026 at 08:32 pm

बैतूल जिले में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन और पंजीयन योजना के तहत धनतेरस पर शुक्रवार को जिले के 6 चयनित गांवों में खास शिविर लगाए गए। इन शिविरों में पात्र ग्रामीणों के मकानों की जमीनों की पक्की रजिस्ट्री का काम 100 प्रतिशत पूरा किया गया। बैतूल ब्लॉक के ग्राम साकादेही में हुए मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री व सांसद दुर्गादास उईके की मौजूदगी में 100% पंजीयन का काम पूरा हुआ। केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में यह योजना ग्रामीणों को उनकी जमीन का पक्का मालिकाना हक देकर आर्थिक रूप से मजबूत बना रही है। पहले पक्के कागजात न होने से ग्रामीणों को बैंक से लोन लेने में दिक्कत आती थी, लेकिन अब मुफ्त पक्की रजिस्ट्री मिलने से वे अपनी जमीन के दम पर आसानी से बैंक लोन ले सकेंगे और जमीन की खरीद-बिक्री या वसीयत जैसे काम बिना रोक-टोक कर सकेंगे। सरकार उठा रही पूरा खर्च, जिले में 45 हजार रजिस्ट्रियां पूरी कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बताया कि इस पूरी प्रक्रिया में लगने वाले स्टाम्प शुल्क, रजिस्ट्री फीस और पंचायत टैक्स का पूरा खर्च मध्य प्रदेश सरकार खुद दे रही है। जिले में कुल 1.15 लाख रजिस्ट्री का टारगेट रखा गया है, जिसके मुकाबले अब तक 45 हजार जमीनों का पंजीयन पूरा हो चुका है। वहीं बैतूल तहसील के 157 गांवों में 15,684 प्लॉटों के मुकाबले 6 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रियां हो चुकी हैं, जिनमें से 10 गांव शत-प्रतिशत काम पूरा कर चुके हैं। 6 चयनित गांवों के 304 लोगों को मिले पक्के कागज धनतेरस के मौके पर जिले के 6 चुने गए गांवों में कुल 304 लोगों को पक्की रजिस्ट्री बांटी गई। विधानसभा के हिसाब से आंकड़े इस तरह हैं: मुलताई (प्रभातपट्टन): ग्राम खेड़ीदेवनाला में 116 लोगों को कागज मिले। बैतूल (बैतूल तहसील): ग्राम साकादेही में 47 और कुम्हारटेक में 41 लोगों को रजिस्ट्री मिली (कुल 88 लोग)। आमला (आमला तहसील): ग्राम कचरबोह में 52 लोगों को पक्की रजिस्ट्री दी गई। भैंसदेही (भीमपुर तहसील): ग्राम बिजोरी में 31 लोगों को मालिकाना हक मिला। घोड़ाडोंगरी (शाहपुर तहसील): ग्राम मोखा रैयत में 17 लोगों को पक्के कागज सौंपे गए।