समाचार · मध्य प्रदेश
भाजपा 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी:जनजातीय नायकों की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाएगी; युवा चौपाल लगेंगी
राजगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भाजपा 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी। इस दौरान रैलियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, युवा संवाद और गौरव चौपालें आयोजित की जाएंगी। स्कूलों और छात्रावासों में विद्यार्थियों को जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी दी जाएगी। गुरुवार को सांसद रोडमल नागर ने पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी दी। बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ किया संघर्ष सांसद नागर ने कहा कि महज 25 साल की उम्र में बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी और जल, जंगल, जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। वे क्रांतिकारी होने के साथ समाज सुधारक भी थे। केंद्र सरकार ने 2021 से 15 नवंबर को उनकी जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना शुरू किया। नागर ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा जनजातीय समाज को सम्मान और भागीदारी दे रही है। उन्होंने टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह, भीमा नायक, रानी कमलापति और राजा भभूत सिंह के योगदान का उल्लेख किया। साथ ही कांग्रेस पर इन नायकों को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप लगाया। जबलपुर, धार और खंडवा में होंगे बड़े आयोजन 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल होंगे। 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार और 16 नवंबर को खंडवा में बड़े आयोजन होंगे। सभी जिलों में रैलियां और सांस्कृतिक जुलूस निकाले जाएंगे। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान व दीप प्रज्ज्वलन होगा। 16 और 17 नवंबर को छात्रावासों में युवा संवाद होंगे, जबकि 18 से 20 नवंबर तक चयनित जनजातीय विकासखंडों के गांवों में गौरव चौपालें लगाई जाएंगी। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, जिला महामंत्री देवी सिंह सोंधिया, गजराज सिंह चौहान, राम भील, श्याम मंडलोई और जगदीश दास मौजूद रहे।