Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के सरकारी दफ्तरों में रिश्वत के बढ़ते केस:5 साल में 193 को ACB ने पकड़ा, लिस्ट में SDM-तहसीलदार-इंजीनियर और बाबू शामिल

INT News9 November 2026 at 06:39 am

छत्तीसगढ़ के सरकारी दफ्तरों में जमीन का सीमांकन, नामांतरण और निर्माण कार्यों का भुगतान कराने के लिए रिश्वत मांगने के मामले सामने आते रहे हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई में एसडीएम, तहसीलदार से लेकर बाबू और दूसरे विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तक पकड़े गए हैं। ACB ने पिछले 5 साल में रिश्वतखोरी के 154 ट्रैप प्रकरण दर्ज किए। इनमें 2025 में सबसे ज्यादा 71 अधिकारी-कर्मचारी पकड़े गए। विभागवार आंकड़ों में राजस्व विभाग सबसे आगे रहा। वहीं, निर्माण कार्यों के भुगतान और जमीन से जुड़े कामों में रिश्वतखोरी के मामले भी दर्ज हुए। ACB ने 5 साल में रिश्वतखोरी के 154 ट्रैप प्रकरण दर्ज किए ACB के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2021 से 28 मई 2026 तक प्रदेश में रिश्वतखोरी के 154 ट्रैप प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में 193 शासकीय सेवकों और लोकसेवकों को रिश्वत लेते पकड़ा गया। इन प्रकरणों में रिश्वत की कुल राशि 51 लाख 67 हजार 540 रुपए दर्ज की गई है। हालांकि, इस अवधि में केवल छह मामलों में सजा दर्ज होने का आंकड़ा सामने आया है। यानी रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद भी मामलों में सजा तक पहुंचने की संख्या काफी कम है। राजस्व विभाग में सबसे ज्यादा रिश्वतखोरी विभागवार आंकड़ों में राजस्व विभाग सबसे आगे है। पांच साल से ज्यादा की इस अवधि में राजस्व विभाग के खिलाफ रिश्वतखोरी के 56 ट्रैप प्रकरण दर्ज हुए। इनमें 67 अधिकारी-कर्मचारियों को पकड़ा गया। जमीन से जुड़े कामों में लोगों की निर्भरता राजस्व अमले पर रहती है। सीमांकन, नामांतरण और राजस्व रिकॉर्ड में सुधार जैसे कामों के लिए रिश्वत मांगने के मामले लगातार सामने आए हैं। दूसरे नंबर पर स्कूल शिक्षा विभाग है। यहां 20 प्रकरणों में 25 अधिकारी-कर्मचारी पकड़े गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 14 मामलों में 15 और गृह (पुलिस) विभाग में 10 मामलों में 13 लोकसेवकों को पकड़ा गया। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में सात प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें 10 अधिकारी-कर्मचारी ACB की कार्रवाई में फंसे। 2025 में सबसे ज्यादा 71 कर्मचारी पकड़े गए वर्षवार आंकड़ों पर नजर डालें तो 2025 में रिश्वतखोरी के सबसे ज्यादा मामले सामने आए। इस साल 60 ट्रैप प्रकरण दर्ज किए गए और 71 अधिकारी-कर्मचारियों को पकड़ा गया। इससे पहले 2024 में 44 प्रकरणों में 57 लोग गिरफ्तार किए गए थे। वर्ष 2021 में 13 प्रकरण दर्ज हुए और 14 लोग पकड़े गए। 2022 में भी 13 प्रकरणों में 18 अधिकारी-कर्मचारी ACB के जाल में फंसे। वहीं, वर्ष 2023 में कोई ट्रैप प्रकरण दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद 28 मई 2026 तक ही 24 प्रकरण दर्ज किए जा चुके थे, जिनमें 33 लोगों को पकड़ा गया। निर्माण भुगतान और जमीन के काम में ज्यादा रिश्वत ACB के आंकड़ों में रिश्वत मांगने की वजहों में निर्माण कार्यों का भुगतान सबसे ऊपर है। निर्माण कार्यों का बिल पास कराने और भुगतान जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने के 14 प्रकरण दर्ज किए गए। जमीन का सीमांकन कराने के लिए आठ और नामांतरण के लिए आठ मामले सामने आए। राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त कराने के बदले रिश्वत मांगने के भी आठ प्रकरण दर्ज हुए। इसके अलावा मुआवजा राशि दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने के छह और पेंशन या ग्रेच्युटी जारी कराने के लिए पांच मामले दर्ज किए गए। ये आंकड़े बताते हैं कि सरकारी योजनाओं और बुनियादी प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े काम भी रिश्वतखोरी से अछूते नहीं हैं। सूरजपुर में सबसे ज्यादा मामले जिलावार आंकड़ों में सूरजपुर 16 प्रकरणों के साथ पहले स्थान पर है। राजधानी रायपुर में 13, सरगुजा में 12 और रायगढ़ में 11 मामले दर्ज किए गए। मुंगेली और बिलासपुर में 8-8 प्रकरण सामने आए। वहीं दुर्ग, बलरामपुर और जांजगीर-चांपा में 7-7 मामले दर्ज किए गए। ACB की ट्रैप कार्रवाई में पकड़े गए अधिकारी-कर्मचारियों की संख्या और रिश्वत की रकम सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार की स्थिति को सामने रखती है। हालांकि, इन मामलों में गिरफ्तारी के बाद की कार्रवाई और उनके निपटारे की स्थिति भी महत्वपूर्ण है। ……………… इससे जुड़ी खबर भी पढ़ें… दुर्ग- 50 हजार रिश्वत मांगने पर दो SI सस्पेंड: महिला बोली- साइबर क्राइम वालों ने भी 2 लाख मांगे; ड्रग्स केस में किया था गिरफ्तार मर्डर केस में फंसाने की धमकी, फिर मांगे 50 हजार..VIDEO: SI रंगे हाथों पकड़ाया; छटपटाते हुए कहा-जबरदस्ती कर रहे हो; प्रिंसिपल भी रिश्वत लेते अरेस्ट राधे-राधे बोलकर 50 हजार रिश्वत लेकर निकला प्रहरी, VIDEO: मनेंद्रगढ़ में मर्डर के आरोपी के परिजनों से मांगे पैसे, बोला- VIP ट्रीटमेंट मिलेगा, सस्पेंड