समाचार · मध्य प्रदेश
फेसबुक पर संतों और धर्माचार्यों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी:रीवा के सिविल लाइन थाने में शिकायत; प्रेमानंद महराज की भी फोटो लगाई थी
सोशल मीडिया पर संतों और धर्माचार्यों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को समाज के पदाधिकारी सिविल लाइन थाने पहुंचे और थाना प्रभारी के नाम लिखित आवेदन सौंपकर विवेक कोल नाम के व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आशीष तिवारी और सतीश चौबे ने बताया कि विवेक कोल नाम की फेसबुक आईडी से लगातार ब्राह्मण समाज और सनातन धर्म को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। इससे समाज में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि 5 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे संबंधित फेसबुक आईडी से सनातन धर्म के संतों और धर्माचार्यों धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, प्रेमानंद महाराज और रामभद्राचार्य के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई। पोस्ट में संतों की तस्वीरों का भी इस्तेमाल किया गया था। सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की जताई आशंका आशीष तिवारी और सतीश चौबे का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियों से बड़ी संख्या में लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। संबंधित फेसबुक आईडी से बार-बार इस तरह की पोस्ट और टिप्पणियां की जा रही हैं। इससे अलग-अलग वर्गों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति निर्मित हो सकती है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए फेसबुक आईडी की जांच कराने और पोस्ट करने वाले व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही संबंधित पोस्ट की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि आवेदन लिया गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवेदन सौंपने वालों में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश सचिव सतीश चौबे, आशीष तिवारी, जिला अध्यक्ष अनुनय मिश्रा और अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।