Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पूर्व IPS काम्या मिश्रा की संजय झा से मुलाकात के बाद सियासी हलचल तेज, क्या JDU से करेंगी राजनीतिक पारी की शुरुआत?

INT News6 November 2026 at 08:27 pm

Kamya Mishra politics: बिहार की राजनीति में पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा एक बार फिर चर्चा में हैं. JDU के वरिष्ठ नेता और पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा से उनकी मुलाकात के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं. इस मुलाकात को कई राजनीतिक नजरियों से देखा जा रहा है. चर्चा है कि काम्या मिश्रा जनता दल यूनाइटेड (JDU) के साथ अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकती हैं. हालांकि, अभी तक उनके पार्टी में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

संजय झा ने खुद सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीर साझा की है. इसके बाद से ही बिहार के राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात के मायने तलाशे जा रहे हैं. सवाल यह है कि क्या काम्या मिश्रा अब पुलिस सेवा के बाद राजनीति में नई पारी शुरू करने की तैयारी में हैं?

काम्या मिश्रा का IPS से राजनीति तक का सफर

काम्या मिश्रा मूल रूप से ओडिशा की रहने वाली हैं. उन्होंने महज 22 वर्ष की उम्र में पहले ही प्रयास में UPSC परीक्षा पास की थी और ऑल इंडिया स्तर पर 172वीं रैंक हासिल कर IPS अधिकारी बनी थीं. वह 2019 बैच की IPS अधिकारी थीं. शुरुआत में उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर आवंटित हुआ था, बाद में उनका कैडर बिहार कर दिया गया.

बिहार में उनकी पहचान एक तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के रूप में बनी. दरभंगा में ग्रामीण एसपी रहते हुए पूर्व मंत्री और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या के मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई थी. इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के दौरान वह काफी चर्चा में आई थीं.

अगस्त 2024 में दिया था इस्तीफा, मार्च 2025 में हुआ स्वीकार

काम्या मिश्रा ने 5 अगस्त 2024 को IPS सेवा से इस्तीफा दिया था. उस समय उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया था. उनका इस्तीफा तत्काल स्वीकार नहीं हुआ था और बाद में उन्हें 180 दिनों की छुट्टी दी गई. करीब सात महीने बाद 27 मार्च 2025 को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया.

जून 2026 में एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इस्तीफे की वजह बताते हुए कहा था कि उन्होंने किसी राजनीतिक या प्रशासनिक दबाव में नौकरी नहीं छोड़ी. उन्होंने पारिवारिक जिम्मेदारियों और पिता के व्यवसाय में सहयोग करने को अपने फैसले की वजह बताया था. उन्होंने पटना में स्कूल खोलने की इच्छा भी जताई थी.

राजनीति में आने को लेकर पहले क्या कहा था?

राजनीति में आने की संभावनाओं पर काम्या मिश्रा पहले भी अपनी बात रख चुकी हैं. जून 2026 में दिए गए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि वह भविष्य में राजनीति में आने की संभावना से इनकार नहीं कर सकतीं, लेकिन फिलहाल इस दिशा में कोई ठोस योजना नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था कि अगर वह राजनीति में आती हैं तो ऐसी पार्टी से जुड़ना चाहेंगी, जिसकी विचारधारा उनके विचारों से मेल खाती हो और जो देशहित में काम करे. हालांकि, उस समय उन्होंने किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया था.

अब संजय झा से मुलाकात के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं. संजय झा JDU के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद इसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं. हालांकि, इस मुलाकात का उद्देश्य क्या था और क्या दोनों के बीच राजनीति में आने को लेकर कोई बातचीत हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या काम्या मिश्रा JDU का दामन थामकर बिहार की राजनीति में नई पारी शुरू करेंगी? या फिर यह मुलाकात महज एक शिष्टाचार भेंट थी? फिलहाल उनके JDU में शामिल होने की अटकलें हैं, लेकिन किसी भी तरह के राजनीतिक फैसले की पुष्टि नहीं हुई है.

इसे भी: बेगूसराय से गुजरने वाली कई स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, बरौनी-किउल-झाझा रूट पर यात्रियों को मिलेगी सुविधा; देखें पूरी लिस्ट