Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ग्वालियर में फॉर्च्यूनर सवार लॉ के छात्र पर फायरिंग:पत्थर भी बरसाए, कार से टकराई बाइक तो भड़के 3 बदमाश, कट्टा निकालकर दागीं गोलियां

INT News7 November 2026 at 09:02 pm

ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद तीन बदमाशों ने एक लॉ छात्र पर फायरिंग कर दी। दोस्त से मिलकर घर लौट रहे 24 वर्षीय भूपेंद्र सिंह तोमर की फॉर्च्यूनर कार से एक बाइक हल्की टकरा गई थी। इस पर बाइक सवार तीन युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर एक युवक ने कट्टे से दो बार फायरिंग की, जबकि उसके साथियों ने कार पर पत्थर बरसाए। छात्र ने किसी तरह गाड़ी भगाकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। गोला का मंदिर पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गली से कार निकालते समय हुआ विवाद ग्वालियर के भगत सिंह नगर निवासी भूपेंद्र सिंह तोमर शनिवार शाम करीब 6 बजे मालू मार्बल वाली गली से निकल रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही वैगनआर कार को रास्ता देने के लिए वे अपनी फॉर्च्यूनर निकाल रहे थे। तभी बाइक सवार सौरव राजावत, सचिन वाल्मीकि और उनके एक अज्ञात साथी की बाइक फॉर्च्यूनर से टकरा गई। इस पर भूपेंद्र ने उन्हें टोका तो तीनों गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि सौरव राजावत ने कट्टा निकालकर हवाई फायर कर दिया। पीछा कर कार पर फेंके पत्थर, दूसरी गोली चलाई फायरिंग के बाद भूपेंद्र ने वहां से गाड़ी आगे बढ़ाई तो तीनों युवकों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। आरोप है कि सचिन और उसके साथी ने कार पर लगातार पत्थर फेंके, जबकि सौरव ने दूसरी गोली चला दी। यह फायर सीधे कार की ओर किया गया। घटना के दौरान इलाके में दहशत फैल गई। छात्र किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस तक पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की आवाजाही और लोकेशन का पता लगाया जा सके। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि लॉ स्टूडेंट पर तीन युवकों द्वारा फायरिंग और पथराव करने का मामला सामने आया है। केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।