sports
वैभव सूर्यवंशी को कांटे की टक्कर दे रहें वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर, मात्र 4 मैचों में मार चुके है 16 छक्के

Aryavir Sehwag: क्रिकेट की दुनिया में अब सिर्फ वैभव सूर्यवंशी ही चर्चा में नहीं हैं. अंडर-19 एशिया कप 2026 में एक और युवा बल्लेबाज अपने बल्ले से लगातार सुर्खियां बटोर रहा है. नाम है आर्यवीर सहवाग. जी हां, पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने ओमान में चल रहे टूर्नामेंट में ऐसा प्रदर्शन किया है कि क्रिकेट फैंस को उनमें भविष्य का बड़ा सितारा नजर आने लगा है. यूएई के खिलाफ 160 रन की पारी हो या अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में अर्धशतक, आर्यवीर ने हर मौके पर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है. अब तक वह टूर्नामेंट में 303 रन बना चुके हैं. खास बात यह है कि वह सिर्फ बड़े शॉट खेलने के लिए नहीं, बल्कि लगातार रन बनाने और टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने के लिए भी चर्चा में हैं.
अफगानिस्तान के खिलाफ भी जारी रहा आर्यवीर का जलवा
अंडर-19 एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ आर्यवीर सहवाग ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी की. 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को उन्होंने कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी के साथ बेहतरीन शुरुआत दिलाई. दोनों सलामी बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी हुई.
आर्यवीर ने 57 गेंदों में 51 रन बनाए. उनकी पारी में चार चौके और 4 छक्के शामिल रहे. उन्होंने शुरुआत से ही सकारात्मक बल्लेबाजी की और खराब गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचाने में कोई संकोच नहीं किया. वहीं, दूसरी ओर उन्होंने कप्तान लक्ष्य को खुलकर खेलने का मौका भी दिया. आर्यवीर के आउट होने तक भारतीय टीम मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी थी. लक्ष्य ने भी 90 गेंदों में 93 रन की शानदार पारी खेली और भारत ने यह मुकाबला 8 विकेट से जीतकर फाइनल में जगह बना ली.
ये भी पढ़ें: IPL Trade Rule: खिलाड़ियों की अदला-बदली में क्या होती है ट्रांसफर फीस? जाने कौन तय करता है यह रकम
यूएई के खिलाफ खेली थी 160 रनों की तूफानी पारी
आर्यवीर सहवाग का सबसे बड़ा धमाका यूएई अंडर-19 के खिलाफ देखने को मिला था. इस मुकाबले में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और 160 रनों की शानदार पारी खेली. उनकी इस पारी ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे चर्चित युवा बल्लेबाजों में शामिल कर दिया.
दिलचस्प बात यह है कि वैभव सूर्यवंशी ने भी यूएई के खिलाफ ही 171 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी. इस तरह एक ही टीम के खिलाफ भारत के इन दोनों युवा बल्लेबाजों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. वैभव जहां अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और बड़े-बड़े छक्कों के लिए चर्चा में हैं, वहीं आर्यवीर अपनी निरंतरता और लंबी पारियां खेलने की क्षमता से प्रभावित कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: IND U19 vs PAK U19: एशिया कप के फाइनल में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, जानें कब और कहां देखें लाइव मैच
अंडर-19 एशिया कप में अब तक बना चुके हैं 303 रन
आर्यवीर सहवाग का प्रदर्शन केवल एक या दो मुकाबलों तक सीमित नहीं रहा है. उन्होंने टूर्नामेंट में लगातार रन बनाकर अपनी उपयोगिता साबित की है. भारत के चार मुकाबलों में से तीन में उनके बल्ले से 50 से ज्यादा रन निकले हैं. नेपाल और अफगानिस्तान के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक लगाए, जबकि यूएई के खिलाफ 160 रनों की पारी खेली. हालांकि, पाकिस्तान के खिलाफ वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे.
अब तक आर्यवीर इस टूर्नामेंट में 303 रन बना चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 29 चौके और 16 छक्के लगाए हैं. उनके आंकड़े बताते हैं कि वह केवल आक्रामक बल्लेबाजी ही नहीं करते, बल्कि जरूरत के मुताबिक पारी को संभालना भी जानते हैं.
वैभव सूर्यवंशी के साथ आर्यवीर पर भी रहेंगी नजरें
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहले ही क्रिकेट जगत में खास पहचान बना ली है. कम उम्र में बड़े गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करने की उनकी क्षमता ने उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा बना दिया है. अब आर्यवीर सहवाग भी अपनी निरंतरता से इसी दिशा में कदम बढ़ाते नजर आ रहे हैं.
आर्यवीर की बल्लेबाजी में उनके पिता वीरेंद्र सहवाग की झलक तलाशना स्वाभाविक है, लेकिन उनकी अपनी पहचान भी बन रही है. वह परिस्थितियों को समझकर बल्लेबाजी करते हैं और टीम की जरूरत के मुताबिक अपना खेल बदलने में सक्षम दिखाई देते हैं. अंडर-19 एशिया कप में उनके प्रदर्शन ने भविष्य के लिए उम्मीदें जरूर बढ़ा दी हैं. अब क्रिकेट फैंस की नजरें इस युवा बल्लेबाज के आगे के सफर पर टिकी होंगी.
ये भी पढ़ें: IND vs AFG: क्या वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा मौका? जानें कैसी हो सकती है भारत की Playing 11