समाचार · मध्य प्रदेश
हत्या के प्रयास मामले में आरोपी को सजा:फरियादी और चश्मदीद गवाह कोर्ट में मुकरे; घायल की गवाही और जब्त चाकू से हुई सजा
सागर में अदालत ने हत्या के प्रयास मामले में आरोपी को 5 वर्ष के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। प्रकरण की सुनवाई सत्र न्यायाधीश एमके शर्मा के न्यायालय में हुई। कोर्ट ने आरोपी नरेंद्र राजपूत उम्र 43 वर्ष निवासी ग्राम देवलचौरी को दोषी ठहराते हुए 5 वर्ष के सश्रम कारावास और 5 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अभियोजन के अनुसार, राहतगढ़ थाना क्षेत्र में 27 अक्टूबर 2025 को शाम करीब 7.20 बजे ग्राम देवलचौरी में फरियादी हनुमत सिंह राजपूत के घर के सामने विवाद के दौरान आरोपी नरेंद्र राजपूत ने बीच-बचाव कर रहे ग्राम मेनवारा निवासी खेत सिंह ठाकुर उम्र 55 वर्ष के पेट में बटनदार चाकू से जानलेवा वार कर दिया था। चाकू के वार से खेत सिंह ठाकुर की छोटी आंत में छेद हो गया। पेट में करीब 700 से 800 मिलीलीटर रक्त एकत्रित होने से उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी। घायल को डायल-112 की सहायता से जिला अस्पताल सागर पहुंचाया गया। जहां से उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया। वहां उनका ऑपरेशन किया गया और करीब 15 दिनों तक उपचार चला। फरियादी और चश्मदीद गवाहों के मुकरे न्यायालयीन सुनवाई के दौरान प्रकरण के फरियादी हनुमत सिंह राजपूत, जागृति राजपूत और अन्य चश्मदीद गवाह अपने पूर्व कथनों से मुकर गए। इसके बावजूद न्यायालय ने घायल खेत सिंह ठाकुर की प्रत्यक्ष, विश्वसनीय व सुसंगत गवाही को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना। न्यायालय ने सर्वोच्च न्यायालय के विभिन्न न्याय दृष्टांतों और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 की धारा 139 में निहित सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि किसी प्रकरण में गवाहों की संख्या की अपेक्षा साक्ष्य की गुणवत्ता अधिक महत्वपूर्ण होती है। केवल अन्य गवाहों के पक्षद्रोही हो जाने से घायल की विश्वसनीय गवाही को अस्वीकार नहीं किया जा सकता। जब्त चाकू रहा साक्ष्य और डाक्टर की कराई गवाही घायल की गवाही की पुष्टि चिकित्सकीय साक्ष्यों, डॉक्टरों के कथनों और आरोपी की निशानदेही पर बरामद चाकू से भी हुई। इन साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को हत्या के प्रयास का दोषी मानते हुए सजा सुनाई।