Monday, 2 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

जिस घर में उठनी थी बहन की डोली वहां उठ रही है भाई की अर्थी, कानपुर में 20 नवम्बर को होनी थी सादी, मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल

INT News2 November 2026 at 02:42 pm

Kanpur Road Accident : कानपुर के हनुमंत विहार में रविवार देर रात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 23 वर्षीय अभय सचान की मौत हो गई. अभय काम खत्म करने के बाद पैदल अपने घर लौट रहे थे. नौबस्ता चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां हैलट में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. अभय की छोटी बहन की शादी 20 नवंबर को होनी है. जिस भाई के हाथों बहन की विदाई होनी थी, उसकी मौत से शादी वाले घर में मातम पसर गया है.

परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे अभय

बाबा नगर स्थित चतुर्वेदी बिल्डिंग निवासी अभय के पिता की कुछ साल पहले बीमारी से मौत हो गई थी. मां ऊषा गृहिणी हैं. तीन बहनों में बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन कीर्ति की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन में तय हुई है. एक बहन अभी पढ़ाई कर रही है. पिता के निधन के बाद अभय ने परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली थी. वह टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करते थे. मजदूरी कर वह मां और तीनों बहनों का खर्च चलाते थे.

काम खत्म कर पैदल घर लौट रहे थे

परिजनों के मुताबिक, रविवार देर रात साइट पर काम खत्म करने के बाद अभय पैदल घर लौट रहे थे. इसी दौरान नौबस्ता चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद अभय गंभीर हालत में सड़क पर पड़े थे. राहगीरों ने उन्हें सड़क पर पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया. मोबाइल के जरिए परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई. परिजन अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने अभय की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हैलट रेफर कर दिया.

हैलट में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हैलट में उपचार के दौरान अभय की मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. अभय की मौत से उनकी मां ऊषा बदहवास हैं. वहीं छोटी बहन कीर्ति भाई का शव देखकर बेसुध हो गई. परिजनों के मुताबिक, पिता के निधन के बाद अभय ही परिवार का सहारा थे.

अब घर कौन चलाएगा, बहन को विदा कौन करेगा

भाई की मौत के बाद कीर्ति का रो-रोकर बुरा हाल है. वह बिलखते हुए कहती रही कि पापा के जाने के बाद भाई ही परिवार का सहारा था. अब घर कौन चलाएगा, मां की देखभाल कौन करेगा और शादी के बाद उसे विदा कौन करेगा. 20 नवंबर को कीर्ति की शादी होनी है. जिस घर में कुछ दिन बाद शादी की खुशियां गूंजने वाली थीं, वहां अब भाई की मौत का मातम पसरा हुआ है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read : मिठाई बेचने वाले के बेटे ने रचा इतिहास, IIT कानपुर से पढ़कर दुबई में मिला 2.5 करोड़ का पैकेज, पढे सफलता की कहानी