Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

धनतेरस पर बेमेतरा के बाजारों में उमड़ी भीड़:नवीन मार्केट, सदर बाजार पर रही चहल-पहल, वाहन और पूजन सामग्री की दुकानों पर पहुंचे ग्राहक

INT News6 November 2026 at 08:30 pm

बेमेतरा धनतेरस के साथ ही दीपावली की रौनक शहर के बाजारों में दिखाई देने लगी है। शुक्रवार को धनतेरस के पहले दिन नवीन मार्केट, सदर बाजार, सोना-चांदी गली और गौरव पथ रोड सहित प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। बाजारों में भीड़ बढ़ने से कई जगह जाम की स्थिति बनी और नवीन मार्केट व गौरव पथ रोड पर दोपहिया वाहनों से आवाजाही करना भी मुश्किल हो गया। दीये, फूल-माला और पूजन सामग्री की दुकानों पर भीड़ धनतेरस को लेकर बाजार में जगह-जगह आकर्षक दुकानें सजाई गई थीं। फूल-माला, देवी-देवताओं की तस्वीरें, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं, बताशे, प्रसादी और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहक खरीदारी करते नजर आए। दीपावली के प्रमुख प्रतीक मिट्टी के दीये और मिट्टी से बनी लक्ष्मी माता की मूर्तियां भी अलग-अलग कीमतों पर उपलब्ध रहीं। लोगों ने घरों की सजावट और पूजा-पाठ के लिए जरूरी सामान खरीदा। सोना-चांदी, बर्तन और वाहनों की खरीदारी का उत्साह धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में खरीदारी की परंपरा के चलते सोना-चांदी की दुकानों में भी दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। सदर बाजार की सोना-चांदी गली में खास चहल-पहल रही। बर्तनों की दुकानों पर लोगों ने अपनी पसंद के बर्तन और घरेलू उपयोग की सामग्री खरीदी। वहीं, मोटरसाइकिल, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में भी ग्राहकों की भीड़ रही। वाहन खरीदने को लेकर लोगों में खास उत्साह दिखा। कई दुकानों के सामने दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए जगह कम पड़ गई। ग्रामीण क्षेत्रों से भी पहुंचे खरीदार बाजारों में शहर के लोगों के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंचे। परिवार के साथ आए लोगों ने पूजा के लिए फूल-माला, दीये, लक्ष्मी माता की तस्वीर, बताशे और अन्य सामग्री खरीदी। बाजार में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में त्योहार को लेकर उत्साह नजर आया। खरीदारी करने पहुंचीं गीतांजलि राजपूत ने बताया कि धनतेरस दीपावली का पहला प्रमुख पर्व है। इस अवसर पर घर की पूजा और सजावट के लिए दीये, फूल-माला, लक्ष्मी माता की तस्वीर और प्रसाद के लिए बताशे सहित अन्य जरूरी सामान खरीदने आई हैं। बाजार में काफी भीड़ है और दीपावली को लेकर अच्छा माहौल दिखाई दे रहा है। ग्राहकों की भीड़ से व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद धनतेरस पर बाजार में ग्राहकों की भीड़ देखकर दुकानदारों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार को लेकर बाजार में अच्छी चहल-पहल है और लोग अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। फूल-माला, पूजन सामग्री, बर्तन और अन्य दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। बाजार की रौनक देखकर व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।