समाचार · झारखंड
चलती स्कूटी में लगी आग, पति-पत्नी ने कूदकर बचायी जान; देखते ही देखते वाहन जलकर राख

पाटन,पलामू: पलामू जिले के पाटन-नावाजयपुर-पदमा मुख्य मार्ग पर नावाखास के पास शुक्रवार को चलती स्कूटी में अचानक आग लग गयी. घटना शाम करीब 3:45 बजे की बतायी जाती है. स्कूटी पर जयपुर निवासी महाराज महतो की पोती और नतनी के दामाद सवार थे. आग लगते ही पति-पत्नी ने स्कूटी छोड़कर किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी. इस घटना में स्कूटी पूरी तरह जल गयी. हालांकि, महिला को किसी तरह की चोट लगने की सूचना नहीं है.
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी स्कूटी से नावाजयपुर से अपने गांव जयपुर लौट रहे थे. इसी दौरान नावाखास के पास अचानक स्कूटी में आग लग गयी. चलती स्कूटी से आग की लपटें उठती देख महिला घबरा गयी. स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए दोनों ने तत्काल स्कूटी छोड़ दी और वहां से दूर भागकर अपनी जान बचायी. देखते ही देखते आग ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया.
घटना के बाद सड़क पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. अचानक चलती स्कूटी में आग लगने से कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं.
घटना की सूचना मिलने पर नावाजयपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद जली हुई स्कूटी के अवशेष को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया. स्कूटी में आग लगने के वास्तविक कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.