national
पीएम मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी को लेकर भड़की बीजेपी; बोले- खरगे का बयान आपत्तिजनक, क्या उन्हें बुनियादी संस्कार नहीं पता?

मल्लिकार्जुन खरगे 25 अक्टूबर 2026 को बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार, बीजेपी और चुनाव आयोग पर निशाना साधा. वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर भी बोल रहे थे.
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता से नहीं हटने की बात कहे जाने पर खरगे ने जवाब दिया, “मोदी का बाप भी जाएगा.” इस टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में विवाद हो गया और बीजेपी नेताओं ने खरगे पर प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के बारे में आपत्तिजनक भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया.
विश्वास सारंग ने क्या कहा?
मध्य प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने खरगे की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा, “कांग्रेस के नेता लगातार नरेंद्र मोदी के दिवंगत माता-पिता का अपमान करने वाले बयान दे रहे हैं. इससे पहले भी कांग्रेस नेताओं ने नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के बारे में अनुचित टिप्पणियां की थीं और कल खरगे जी ने शालीनता की सारी सीमाएं पार कर दीं.”
सारंग ने आगे कहा, “खरगे जी खुद 80 साल से अधिक उम्र के हैं. क्या उन्हें बुनियादी संस्कारों की जानकारी नहीं है? किसी के दिवंगत पिता के बारे में ऐसी टिप्पणी कैसे की जा सकती है? उन्होंने यह बात तीन बार दोहराई. खरगे जी, आप राजनीति को कहां ले जाना चाहते हैं? आपके संस्कार कैसे हैं? ये निश्चित रूप से भारत के संस्कार नहीं हैं.”
वहीं, बीजेपी सांसद रजनीश अग्रवाल ने भी खरगे की टिप्पणी को आपत्तिजनक बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी उचित नहीं है.
वीडियो में देखें बीजेपी नेताओं ने क्या कहा-
ये भी पढ़ें: पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने CJP नेताओं को बताया- गैंग ऑफ फोर, बोले- मैं सिर्फ नेहा बोरा का इज्जत करता हूं, जानें ऐसा क्यों कहा?
कांग्रेस ने खरगे के बयान पर क्या सफाई दी?
विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने खरगे का बचाव किया. पार्टी के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने दावा किया कि खरगे का इशारा प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता की ओर नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की ओर था. खेड़ा के मुताबिक, कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने पहले खरगे के दिवंगत पिता को लेकर टिप्पणी की थी, जिसके जवाब में कांग्रेस अध्यक्ष ने यह बात कही.
हालांकि, इस बयान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. बीजेपी ने खरगे से माफी की मांग की है और देशभर में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है.