समाचार · हरियाणा
3 साल बाद परिवार से मिलकर गुरदीप के छलके आंसू:यूपी कासगंज के आश्रम में मिले, चंडीगढ़ कॉलोनी के रहने वाले, 2023 से थे लापता
तीन साल से ज्यादा समय तक जिस परिवार ने अपने बेटे को हर जगह तलाश किया, उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद भी धीरे-धीरे टूटने लगी थी। लेकिन जब फरीदाबाद पुलिस ने परिवार को गुरदीप के मिलने की खबर दी तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अपनों से बिछड़े गुरदीप (46 ) को देखकर परिवार की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। करीब तीन साल दो महीने से लापता गुरदीप को फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच KAT की टीम ने उत्तर प्रदेश के कासगंज स्थित तुलसीदास जन्मभूमि आश्रम से सकुशल बरामद कर परिवार से मिलवा दिया। मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण नहीं बता पा रहे थे अपना पता गुरदीप (46) पुत्र दर्शन सिंह फरीदाबाद के इस्माइलपुर स्थित चंडीगढ़ कॉलोनी के रहने वाले हैं। वह 25 अगस्त 2023 को लापता हो गए थे। मानसिक रूप से कमजोर होने और बोलने में असमर्थ होने के कारण वह किसी को अपना नाम, पता और परिवार के बारे में नहीं बता पा रहे थे। इसी वजह से वह लंबे समय तक अपनों से दूर रहे। देशभर के आश्रमों में तलाश करती रही पुलिस गुरदीप को खोजने के लिए क्राइम ब्रांच KAT की टीम ने काफी प्रयास किए। पुलिस ने मंदिरों, गुरुद्वारों, अस्पतालों, मुर्दाघरों और आश्रमों में उनकी तलाश की। देशभर के कई आश्रमों से भी संपर्क किया गया, ताकि गुरदीप के बारे में कोई जानकारी मिल सके। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को पता चला कि गुरदीप उत्तर प्रदेश के कासगंज स्थित तुलसीदास जन्मभूमि आश्रम में रह रहे हैं। इसके बाद टीम वहां पहुंची और उन्हें सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, गुरदीप पिछले करीब एक साल से इसी आश्रम में रह रहे थे। अपनों को पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा तीन साल से ज्यादा समय तक गुरदीप के बिना रहने वाले परिवार के लिए उनकी वापसी किसी बड़ी खुशी से कम नहीं थी। परिवार को उम्मीद नहीं थी कि वह इतनी लंबी जुदाई के बाद दोबारा मिल पाएंगे। गुरदीप के सकुशल मिलने की खबर से घर में खुशी का माहौल छा गया। परिजनों ने उन्हें खोजने और वापस घर तक पहुंचाने के लिए फरीदाबाद पुलिस का आभार जताया।