समाचार · छत्तीसगढ़
बिलासपुर में अमूल-गोवर्धन समेत 9 संस्थानों के खाद्य सैंपल फेल:पनीर-दही-घी और पोहा जांच में स्तरहीन; दिवाली की मिठाइयों की रिपोर्ट 1 महीने बाद आएगी
बिलासपुर में दीपावली पर मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चिंताजनक रिपोर्ट सामने आई है। करीब एक महीने पहले जिले के 9 संस्थानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के सभी नमूने प्रयोगशाला जांच में फेल हो गए हैं। इनमें अमूल, गोवर्धन और वचन ब्रांड के घी के सैंपल भी शामिल हैं। इसके अलावा पनीर, दही, अंडा करी, चना और पोहा के नमूने भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे। सभी नमूनों की जांच रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में कराई गई थी। रिपोर्ट आने के बाद अब खाद्य विभाग संबंधित संस्थानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करेगा। अलीमेंटो कैफे, सेलेस्टी और अलाकार्ट के पनीर सैंपल फेल खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार नेशनल डेयरी, अलीमेंटो कैफे, अलाकार्ट, अमृतुल्य फूड एंड बेवरेजेस और सेलेस्टी रेस्टोरेंट से पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए रायपुर स्थित लैब भेजे गए थे। प्रदेश में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध के बाद ये नमूने लिए गए थे। जांच में सभी पनीर के नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। अलाकार्ट की दही भी जांच में स्तरहीन मिली जांच के दौरान अलाकार्ट से दही का नमूना लिया गया था, जो निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा। गरिमा फैमिली ढाबा से लिए गए अंडा करी के नमूने भी जांच में फेल पाए गए। वहीं, रिलायंस रिटेल भाटापारा से लिए गए चना और लाल किला पोहा के नमूने भी मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा शौर्य सुपर मार्ट से लिए गए अमूल और गोवर्धन घी के नमूने फेल हो गए। अपना मार्ट देवरीखुर्द से लिए गए वचन ब्रांड के घी का नमूना भी जांच में असफल रहा। दिवाली पर खोवा और मिठाइयों के सैंपल लिए दीपावली पर्व के दौरान खाद्य विभाग ने जिले में अभियान चलाकर मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान एक दर्जन से अधिक दुकानों से खोवा, कंदा, बेसन लड्डू और काजू कतली के सैंपल लिए गए। बस स्टैंड स्थित सूर्या रॉयल स्वीट्स से खोवा, जूना बिलासपुर के बजरंग प्रसाद भंडार से कंदा और बेसन लड्डू, जबकि बजरंगबली स्वीट्स से काजू कतली का नमूना लिया गया। इसके अलावा सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन, श्रीकांत वर्मा मार्ग से बेसन लड्डू और खोवा के नमूने लिए गए। वहीं, विनायक मावा और मनोज गुप्ता की दुकान से खोवा के सैंपल लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
एक महीने बाद आएगी मिठाइयों के सैंपल की रिपोर्ट निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के भंडारण में कमियां भी मिलीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संबंधित दुकानों को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी करने के लिए अभिहित अधिकारी को अनुशंसा भेजी है। नए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग ने दीपावली पर बिकने वाली मिठाइयों के जो नमूने लिए हैं, उनकी रिपोर्ट आने में करीब एक महीने का समय लगेगा। ऐसे में रिपोर्ट आने तक मिठाइयां बाजार में बिक चुकी होंगी। यदि जांच में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों पर बाद में कार्रवाई होगी। ऐसे में केवल जुर्माने की कार्रवाई तक सीमित रहने की आशंका है। अफसर बोले- जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन ने बताया कि पिछले एक महीने में आई जांच रिपोर्ट में 9 संस्थानों के खाद्य पदार्थों के नमूने फेल पाए गए हैं। इन संस्थानों के खिलाफ अब वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दीपावली से पहले मिठाई दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने में करीब एक महीने का समय लगेगा। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।