समाचार · मध्य प्रदेश
गुना में पीएम आवास मेला कल:जगनपुर में 2BHK फ्लैट 2018 की रेट पर ही मिलेंगे; पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर बुकिंग
दीपावली के अवसर पर नगर पालिका परिषद गुना द्वारा निर्मित प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 2 बीएचके (एलआईजी) भवनों की बिक्री के लिए कल (मंगलवार) विशेष आवास मेले का शुभारंभ होगा। खास बात यह है कि ये सर्वसुविधा युक्त भवन खरीदारों को वर्ष 2018 की पुरानी दरों पर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नगरपालिका के अधिकारियों ने बताया कि जगन पुर पर सर्वसुविधायुक्त पीएम आवास बनाए गए हैं। इन भवनों की बुकिंग के लिए किसी भी प्रकार की विशेष बाध्यता नहीं रखी गई है, कोई भी इच्छुक नागरिक सीधे नगर पालिका आकर या आवास स्थल पर पहुंचकर अपनी पसंद का घर बुक कर सकता है। चौड़ी सड़कें, खेलने के लिए पार्क भी बने
उन्होंने बताया कि नए विकसित हो रहे क्षेत्र में स्थित इन परिसरों में रेरा और टीएंडसीपी की पूर्ण स्वीकृति के साथ शासन की सभी औपचारिकताएं पूरी हैं। यहां व्यवस्थित सीवर लाइन, पेयजल के लिए पृथक पानी की टंकी, स्ट्रीट लाइट, स्वतंत्र विद्युत सब-स्टेशन, चौड़ी सड़कें और बच्चों के खेलने के लिए कई सुंदर पार्क विकसित किए गए हैं। इसके अलावा पीएम आवास के नजदीक ही तहसील कार्यालय, एसडीएम कार्यालय और सीएम राइज स्कूल की सुविधा के साथ आगामी वैकल्पिक मार्गों से बजरंगगढ़ रोड और एबी रोड की आसान कनेक्टिविटी मिलेगी। नगर पालिका ने अपील की कि पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर आयोजित इस मेले का लाभ उठाकर अपना आशियाना बुक कराएं।