Thursday, 12 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

15 नवंबर को कुशाल सिंह दहिया को दी जाएगी श्रद्धांजलि:केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल होंगे शामिल; युवा सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता पर होगा संवाद

INT News12 November 2026 at 06:52 pm

सोनीपत के बढ़खालसा में 15 नवंबर को दादा कुशाल सिंह दहिया का 351वां बलिदान दिवस मनाया जाएगा। जीटी रोड स्थित बढ़खालसा स्मारक परिसर में आयोजित समारोह में केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों, खाप पंचायतों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने के साथ सामाजिक मुद्दों पर संवाद भी होगा। सुबह 10 बजे शुरू होगा समारोह अमर बलिदानी कुशाल सिंह चैरिटेबल एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम रविवार सुबह 10 बजे शुरू होगा। इसमें स्मृति सभा के साथ सामाजिक संवाद का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और सामुदायिक विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। गुरु तेग बहादुर जी की शहादत से जुड़ा है ऐतिहासिक प्रसंग दादा कुशाल सिंह दहिया का बलिदान वर्ष 1675 में नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं के संदर्भ में याद किया जाता है। उनका त्याग धार्मिक स्वतंत्रता, मानवीय गरिमा और दूसरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान की परंपरा का प्रतीक है। समारोह में अन्य महापुरुषों और बलिदानियों को भी श्रद्धांजलि दी जाएगी। मनोहर लाल सहित कई हस्तियों को आमंत्रित किया आयोजकों के अनुसार, समारोह में केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा डॉ. राज नेहरू, ओएसडी मुख्यमंत्री, सरदार प्रभलीन सिंह, ओएसडी मुख्यमंत्री, सरदार गुलाब सिंह मुनक और डॉ. कुलदीप चंद अग्निहोत्री सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा शिक्षाविदों, खिलाड़ियों, किसानों, उद्यमियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, पर्यावरण कार्यकर्ताओं, कलाकारों और पत्रकारों की भागीदारी भी प्रस्तावित है। शिक्षा, खेल और कृषि सहित कई विषयों पर होगा संवाद स्मृति सभा के साथ होने वाले सामाजिक संवाद में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा। इसमें शिक्षा, खेल, कृषि, व्यापार, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, कानून और कला-संस्कृति के क्षेत्र में हो रहे कार्यों तथा आपसी सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा। युवा पीढ़ी को ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने पर जोर आयोजन में युवा पीढ़ी को देश की ऐतिहासिक विरासत और बलिदानियों के जीवन से परिचित करवाने पर विशेष जोर रहेगा। इसके माध्यम से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। ट्रस्ट ने आमजन से समारोह में पहुंचने की अपील की ट्रस्ट के अनुसार, यह आयोजन केवल ऐतिहासिक बलिदान को याद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उस विरासत से प्रेरणा लेकर समाज के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है। आयोजकों ने खाप पंचायतों, किसान संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों, पेशेवर संगठनों और आम नागरिकों से समारोह में भाग लेने की अपील की है।