समाचार · छत्तीसगढ़
बिलासपुर में ऑनलाइन-खरीदी...GST-रिफंड के नाम पर डॉक्टर दंपती से ठगी:फेसबुक पर ड्रेस ऑर्डर की, न ड्रेस मिली न पैसे लौटे; 43 हजार गंवाए
बिलासपुर में फेसबुक पर ऑनलाइन ड्रेस खरीदना डॉक्टर की पत्नी को महंगा पड़ गया। ठगों ने ड्रेस भेजने और GST रिफंड का झांसा देकर उनसे 43 हजार 225 रुपए ठग लिए। पैसे देने के बाद भी उन्हें ड्रेस नहीं मिली। अब उन्होंने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मसानगंज स्थित मेहता नर्सिंग होम की जागृति मेहता (55) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने फेसबुक पर केसीपीली सिल्क राजस्थान पेज पर एक ड्रेस पसंद की थी। 15 अक्टूबर को उन्होंने ऑनलाइन ऑर्डर किया और गूगल-पे के जरिए शीला देवी के खाते में 8,991 रुपए भेजे। कूरियर बॉय बनकर किया फोन जागृति के मुताबिक, 18 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को कूरियर बॉय बताया। उसने कहा कि पार्सल भेजने के लिए GST रिवर्सल के नाम पर 4,960 रुपए जमा करने होंगे। उसने यह भी कहा कि यह रकम बाद में वापस मिल जाएगी। उसकी बातों में आकर जागृति ने पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठगों ने लेट फीस और रिफंड के नाम पर उनसे 4,907 रुपए, 9,867 रुपए और 14,500 रुपए और जमा करा लिए। इस तरह उन्होंने कुल 43,225 रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी न तो ड्रेस मिली और न ही पैसे वापस आए। अब पीड़िता ने पुलिस से मामले में FIR दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है।