Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

अस्पताल में मरीज की मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

INT News7 November 2026 at 08:57 pm

जमशेदपुर : तमोलिया स्थित ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल में इलाज के दौरान 57 वर्षीय मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा. मृतक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र स्थित बुरुहातु गांव निवासी वासुदेव साहू के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, वासुदेव को हार्ट अटैक आने के बाद अस्पताल लाया गया था. चिकित्सकों ने तत्काल एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी कराने की बात कही.

दो लाख रुपये जमा करने के बाद शुरू हुआ इलाज

मृतक के पुत्र विकेश साहू ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने भर्ती से पहले ढाई लाख रुपये जमा करने की मांग की थी. इसके बाद परिजनों ने दो किस्तों में दो लाख रुपये जमा कराये, तब जाकर उपचार शुरू हुआ. परिजनों का आरोप है कि एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की प्रक्रिया पूरी होने के करीब आधे घंटे बाद ही चिकित्सकों ने वासुदेव साहू को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया.

ये भी पढ़ें : Video : भाजपा नेता निर्भय सिंह पंचतत्व में विलीन, जुड़वां भाई अभय सिंह ने दिया कंधा तो छलक पड़े आंसू

समाजसेवियों ने पहुंचकर की जांच और कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलने पर खोगेन महतो, आकाश महतो और समाजसेवी नवीन कुमार गुप्ता अस्पताल पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और अस्पताल प्रबंधन के समक्ष मामला उठाया. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को किया खारिज

वहीं, अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मुकेश कुमार ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को खारिज किया. उन्होंने कहा कि मरीज की हालत बेहद नाजुक थी और इसकी जानकारी परिजनों को पहले ही दे दी गई थी. इसके बावजूद अस्पताल परिसर में हंगामा करना अनुचित है. ऐसी परिस्थितियों में चिकित्सकों के लिए काम करना मुश्किल हो जाता है.

ये भी पढ़ें : कभी फूलों की माला बेचकर मनायी थी दिवाली, आज 50 से अधिक गांवों में शिक्षा के दीप जला रहे संजय कच्छप