Saturday, 7 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

श्रीलंका सीरीज से पहले पाकिस्तान टेस्ट टीम में बड़ा फेरबदल, टेस्ट स्क्वॉड से दो खिलाड़ी बाहर, चार अंदर

INT News7 November 2026 at 09:22 pm

Pakistan Cricket Team News: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से ठीक पहले पाकिस्तान क्रिकेट में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. पहले टेस्ट मुकाबले से महज 40 घंटे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी टेस्ट टीम में बड़ा फेरबदल कर दिया है. चयनकर्ताओं ने शुरुआती 14 सदस्यीय टीम में से दो खिलाड़ियों को बाहर कर दिया है, जबकि चार नए खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है. इस फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट में नई चर्चा शुरू कर दी है. खास बात यह है कि तीन खिलाड़ियों को पहली बार पाकिस्तान की टेस्ट टीम में शामिल किया गया है.

पाकिस्तान की टेस्ट टीम में अचानक हुआ बदलाव

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 7 नवंबर को श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए संशोधित टीम का ऐलान किया। शुरुआती टीम में शामिल अब्दुल्लाह फजल और बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान को रिलीज कर दिया गया है. वहीं, उनकी जगह आमिर जमाल, अली शब्बीर, मुहम्मद तैयब आरिफ और साकिब खान को टीम में शामिल किया गया है.

ये भी पढ़ें: IPL Trade News: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलेंगे पंड्या, हार्दिक और अर्शदीप सिंह की अदला-बदली तय

यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 9 नवंबर से रावलपिंडी में शुरू होने वाला है. ऐसे में टीम के पास नए खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले से पहले खुद को तैयार करने के लिए बहुत कम समय बचा है.

तीन खिलाड़ियों को पहली बार मिला मौका

पाकिस्तान की नई टीम में शामिल चार खिलाड़ियों में से तीन को पहली बार टेस्ट टीम में जगह मिली है. इनमें अली शब्बीर, मुहम्मद तैयब आरिफ और साकिब खान शामिल हैं. 20 वर्षीय बल्लेबाज मुहम्मद तैयब आरिफ ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है. उन्होंने सात मुकाबलों में 727 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 66.09 रहा और उनके बल्ले से तीन शतक भी निकले.

वहीं, 19 वर्षीय तेज गेंदबाज अली शब्बीर ने अपने आठ प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 22 विकेट हासिल किए हैं. श्रीलंका के खिलाफ अभ्यास मैच में भी उन्होंने प्रभावित किया था. तीसरे नए खिलाड़ी साकिब खान ने कायदे-ए-आजम ट्रॉफी 2025-26 में शानदार गेंदबाजी की थी. उन्होंने नौ मुकाबलों में 47 विकेट हासिल किए और अपनी टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई.

आमिर जमाल की भी हुई वापसी

इन तीन नए चेहरों के अलावा ऑलराउंडर आमिर जमाल की भी पाकिस्तान की टेस्ट टीम में वापसी हुई है. आमिर पाकिस्तान के लिए पहले नौ टेस्ट मुकाबले खेल चुके हैं. हाल ही में प्रेसिडेंट ट्रॉफी के फाइनल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था. आमिर ने गेंदबाजी में सात विकेट हासिल किए और बल्लेबाजी में भी 55 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. उनकी मौजूदगी से पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी और ऑलराउंड विभाग को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

मोहम्मद रिजवान को फिर नहीं मिली जगह

इस टीम चयन में सबसे ज्यादा चर्चा मोहम्मद रिजवान को लेकर हो रही है. घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है. रिजवान ने कायदे-ए-आजम ट्रॉफी में नाबाद 200 रन की पारी खेली थी. इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया. इमाम-उल-हक भी टीम से बाहर हैं. ऐसे में दोनों अनुभवी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी पाकिस्तान के लिए चर्चा का विषय बनी हुई है.

9 नवंबर से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी. पहला मुकाबला 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 17 से 21 नवंबर के बीच लाहौर में खेला जाएगा. इस सीरीज के लिए बाबर आजम को टीम की कप्तानी सौंपी गई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि नए खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं. पाकिस्तान की टीम के लिए यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी काफी अहम रहने वाली है.

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: हार के बाद मिचेल सैंटनर ने की भारतीय तेज गेंदबाजों की तारीफ, अक्षर पटेल का भी किया जिक्र, बताई हार की वजह